लखीसराय में ट्रक-स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, पति-पत्नी समेत 5 की मौत; 4 घायल, एक ही परिवार के थे सभी यात्री
बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में सवार लोग अंदर ही फंस गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार लोग पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी क्षेत्र के रहने वाले थे। वे एक ही परिवार से जुड़े थे और मोतिहारी से झारखंड के देवघर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
दो महिलाओं और एक बच्चे समेत पांच की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। मृतकों की पहचान राकेश गुप्ता (38), मीना देवी (50), पल्लवी देवी (28), बादल कुमार (10) और स्कॉर्पियो चालक जाफर आलम के रूप में हुई है। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें एक मासूम बच्चा और एक महिला भी शामिल हैं।
टक्कर के बाद गाड़ी के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी के कई हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तेतरहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को एंबुलेंस से लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुंडन संस्कार के लिए देवघर जाने की आशंका
दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में मुंडन संस्कार से जुड़ी कुछ सामग्री भी मिली है। इसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि परिवार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बच्चे का मुंडन कराने के लिए देवघर जा रहा था। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रक जब्त, हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को सड़क से हटवाकर थाने पहुंचाया है। कोयला लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। लखीसराय के अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।