SDM ने 12 लाख रुपये कैश देकर खरीदे सोने के सिक्के, अफसर दंपती के पास मिला 4 मंजिला मकान और कई प्रॉपर्टी; मां-सास के नाम भी जमीन
बिहार के गोपालगंज की एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के ठिकानों पर छापेमारी के बाद करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज सामने आए हैं। विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में दंपती के पटना, दानापुर, गोपालगंज और रोहतास स्थित सात ठिकानों पर तलाशी ली। जांच एजेंसी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में दंपती के पास ज्ञात आय से करीब 1.98 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति होने का आरोप है।
सोने के सिक्कों की खरीद की रसीद मिली
छापेमारी के दौरान सोने के सिक्के खरीदने से जुड़ी रसीद भी मिली। रसीद के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को 10-10 ग्राम के छह सोने के सिक्के खरीदे गए थे। इनकी कीमत 9 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा एसवीयू को बैंक खातों में करीब 39.40 लाख रुपये और अन्य वित्तीय संस्थाओं में 16.88 लाख रुपये के निवेश का ब्योरा मिला है।
जांच टीम को एसबीआई और पीएनबी में 10 लाख रुपये की एफडी से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इसके साथ ही एसबीआई की आनंदपुरी शाखा में दंपती के दो बैंक लॉकर होने की जानकारी सामने आई है। लॉकर खुलने के बाद उनमें रखी संपत्ति का पता चल सकेगा।
दानापुर में 1.60 करोड़ का चार मंजिला मकान
जांच में दानापुर के चंद्रशेखर नगर में 8,100 वर्गफीट के भूखंड पर बना जी प्लस चार यानी चार मंजिला मकान सामने आया है। इसकी अनुमानित कीमत 1.60 करोड़ रुपये बताई गई है। यह संपत्ति इंजीनियर पति रितेश कुमार के नाम पर दर्ज बताई गई है।
इसके अलावा इसी इलाके में 4.5 डिसमिल जमीन की कीमत 36.74 लाख रुपये आंकी गई है। एसवीयू के अनुसार, प्रेरणा सिंह के नाम पर रोहतास के नीमा गांव में 16 डिसमिल और दानापुर के सहजादपुर में 5.6 डिसमिल जमीन भी मिली है।
मां और सास के नाम पर भी संपत्ति के दस्तावेज
जांच में दंपती और प्रेरणा सिंह की मां सुनयना सिंह के नाम पर दानापुर की सात्विका गैलेक्सी में 40.30 लाख रुपये का फ्लैट होने की जानकारी मिली है। वहीं, रितेश कुमार की मां विद्यावती देवी के नाम पर दानापुर में 10 डिसमिल जमीन के दस्तावेज भी मिले हैं।
इसके अलावा धनबाद में फ्लैट खरीदने से संबंधित कागजात भी बरामद हुए हैं। एसवीयू इन दस्तावेजों के आधार पर संपत्तियों के वास्तविक स्वामित्व और खरीद में इस्तेमाल किए गए धन की जांच कर रही है।
एसडीएम बोर्ड वाली स्कॉर्पियो भी जांच के दायरे में
तलाशी के दौरान एसडीएम गोपालगंज का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो के बारे में भी जानकारी मिली है। एसवीयू को इस वाहन के बेनामी संपत्ति होने का संदेह है। इसके अलावा दंपती के नाम पर हुंडई क्रेटा और होंडा एक्टिवा भी दर्ज हैं।
एजेंसी ने दंपती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। फिलहाल बरामद दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य निवेशों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संपत्तियों के मूल्य और उनके स्रोत को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।