भागलपुर में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा: 2.4 किलो गांजा बरामद, मां-बेटे समेत तीन गिरफ्तार
बिहार के भागलपुर जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में मां-बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस मामले में पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
हरियो टोला में हुई छापेमारी
यह कार्रवाई अकबरनगर थाना क्षेत्र के हरियो टोला स्थित पानी टंकी के पास की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की, जहां से 2.4 किलो गांजा बरामद हुआ।
तीन आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सागर कुमार, उसकी मां शीला देवी और शकुंतला देवी को गिरफ्तार किया। बरामद गांजा को जब्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस क्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।