☰
×

पीएम मोदी कल आएंगे बिहार, वैशाली में करेंगे नीतीश सेतु का उद्घाटन: राजापाकर में होगा मुख्य कार्यक्रम, कई विकास योजनाओं की देंगे सौगात

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे वैशाली जिले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल को जनता को समर्पित करेंगे। बिहार सरकार ने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राज्य में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री का मुख्य कार्यक्रम वैशाली जिले के राजापाकर क्षेत्र में आयोजित होगा। यहां से वे नीतीश सेतु का उद्घाटन करने के साथ कई अन्य जनोपयोगी और विकास से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री बिहार की जनता को इस महत्वपूर्ण पुल की सौगात देंगे।

पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन होगा आसान

गंगा नदी पर बना कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल पटना को वैशाली और उत्तर बिहार के दूसरे क्षेत्रों से जोड़ेगा। इसके शुरू होने से गंगा के दोनों किनारों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। पटना से उत्तर बिहार जाने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा व्यापारिक गतिविधियों और माल ढुलाई को भी गति मिलने की संभावना है।इस परियोजना का शिलान्यास वर्ष 2015 में किया गया था। पुल के निर्माण से पटना और आसपास के क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तैयारियों का लिया जायजा

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 18 नवंबर को वैशाली जिले में पुल और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने राघोपुर के रुस्तमपुर में बनाए गए हेलीपैड का भी जायजा लिया। इसके अलावा पुल के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच तैयार किए जा रहे कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से ली।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा और आपातकालीन सुविधाओं की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

कई विकास परियोजनाओं की भी मिलेगी सौगात

प्रधानमंत्री अपने बिहार दौरे के दौरान केवल नीतीश सेतु का उद्घाटन ही नहीं करेंगे, बल्कि विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। इन परियोजनाओं से राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।इस दौरे को बिहार के बुनियादी ढांचे के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर गंगा पर बने इस छह लेन पुल के शुरू होने से पटना, वैशाली और उत्तर बिहार के बीच संपर्क बेहतर होगा।प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अब सभी की नजरें 21 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम पर टिकी हैं।