×

कुचलते हुए लोग भागे, मैं जिंदा बच गई, लेकिन पति नहीं बचे; नोएडा अग्निकांड में प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई खौफनाक आपबीती

 

नोएडा में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मौके पर मौजूद लोगों की आपबीती सामने आई है। आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग और धुएं के बीच कई लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन हालात इतने भयावह थे कि लोगों को एक-दूसरे को संभालने तक का मौका नहीं मिला। एक महिला ने घटना को याद करते हुए बताया कि आग लगने के बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। लोग एक-दूसरे को कुचलते हुए बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। महिला ने कहा कि वह किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही, लेकिन उसके पति बाहर नहीं निकल सके।

हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाती रही

प्रत्यक्षदर्शी महिला के मुताबिक, आग और धुएं के बीच उसने लोगों से मदद की गुहार लगाई। वह हाथ जोड़कर लोगों से मदद मांगती रही, लेकिन उस समय हर कोई अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहा था। महिला ने बताया कि वह जिंदा बाहर निकल आई, लेकिन पति को नहीं बचा सकी।

आग लगते ही मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद कुछ ही देर में धुआं तेजी से फैलने लगा लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। बाहर निकलने के रास्ते को लेकर भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कुछ लोग खिड़कियों और अन्य रास्तों से बाहर निकलने की कोशिश करते दिखाई दिए।घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहत और बचाव दल ने लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ ही इमारत के अंदर फंसे लोगों की तलाश की। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के बीच मातम पसरा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों की आंखों में अब भी डर

हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में दहशत बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने लोगों को जान बचाने के लिए संघर्ष करते देखा। हादसे की तस्वीरें और लोगों की आपबीती घटना की भयावहता को बयां कर रही हैं।फिलहाल प्रशासन और पुलिस की ओर से घटना की जांच की जा रही है। आग किस वजह से लगी और सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही हुई या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान और घायलों के इलाज की प्रक्रिया भी जारी है।