पटना जंक्शन होगा हाईटेक: 493 करोड़ की लागत से रिमॉडलिंग को मंजूरी, दिसंबर से शुरू होगा काम
बिहार की राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशन पटना जंक्शन को अब आधुनिक और स्मार्ट सुविधाओं से लैस किया जाएगा। पटना जंक्शन के रिमॉडलिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल गई है। करीब 493 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस काम की शुरुआत दिसंबर तक होने की संभावना है।
इस परियोजना के तहत स्टेशन की मुख्य बिल्डिंग, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग व्यवस्था को पूरी तरह आधुनिक बनाया जाएगा। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए स्टेशन परिसर को हाईटेक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
मुख्य बिल्डिंग से लेकर पार्किंग तक होगा बदलाव
रिमॉडलिंग प्रोजेक्ट के तहत पटना जंक्शन की मौजूदा व्यवस्था में बड़े स्तर पर बदलाव किए जाएंगे। स्टेशन की मुख्य बिल्डिंग को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा।इसके अलावा सर्कुलेटिंग एरिया को भी व्यवस्थित और यात्री सुविधाओं के अनुसार तैयार किया जाएगा। पार्किंग व्यवस्था को भी आधुनिक बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों को वाहन खड़ा करने में परेशानी न हो।
पहले फेज में बनेगी पार्सल बिल्डिंग
परियोजना के पहले चरण में पार्सल बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए मौजूदा पार्सल व्यवस्था में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है।पार्सल बिल्डिंग का काम शुरू होने से पहले करबिगहिया स्थित न्यू पार्किंग में अस्थायी शेड बनाया जाएगा। इसी अस्थायी व्यवस्था के तहत कुछ समय के लिए पार्सल बुकिंग का काम संचालित किया जाएगा।
यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
पटना जंक्शन के रिमॉडलिंग का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नए स्वरूप में स्टेशन पर बेतर यात्री आवागमन, सुविधाजनक पार्किंग और व्यवस्थित परिसर की सुविधा मिलेगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए स्टेशन का विकास जरूरी हो गया है। नई व्यवस्था से यात्रियों को भीड़ और अव्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है।
दिसंबर से शुरू होगा काम
प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, दिसंबर तक काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।पटना जंक्शन के विकास से राजधानी के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी। यह परियोजना आने वाले वर्षों में यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।