किशनगंज में ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप में भीषण आग, 1 करोड़ का नुकसान; 100 फीट तक उठीं लपटें, पास में था पेट्रोल पंप और पावर हाउस
बिहार के किशनगंज शहर के पश्चिमपाली इलाके में बिजली विभाग की ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप में बुधवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि लपटें करीब 100 फीट तक ऊंची उठती दिखाई दीं। वर्कशॉप में रखे ट्रांसफॉर्मर और तेल के ड्रमों में आग लगने से लगातार धमाकों की आवाजें आती रहीं। हादसे में 50 से अधिक ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने और करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का शुरुआती अनुमान है। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस अग्निकांड की गंभीरता इसलिए भी ज्यादा थी, क्योंकि वर्कशॉप के ठीक बगल में पेट्रोल पंप था। वहीं, दूसरी तरफ महज एक दीवार के पार नया पावर हाउस स्थित था। आग की लपटें लगातार बढ़ रही थीं और धमाकों के कारण आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि आग की लपटें करीब 100 फीट की ऊंचाई तक पहुंच रही थीं।
ट्रांसफॉर्मर ऑयल के ड्रमों में लगी आग
जानकारी के अनुसार, वर्कशॉप परिसर में करीब 50 ट्रांसफॉर्मर और ट्रांसफॉर्मर ऑयल से भरे लगभग 50 ड्रम रखे हुए थे। प्रत्येक ड्रम में करीब 210 लीटर तेल होने की जानकारी सामने आई है। इस तरह परिसर में लगभग 10,500 लीटर तेल मौजूद था। आग इन ड्रमों तक पहुंची तो लपटें और तेज हो गईं। करीब दो घंटे तक रुक-रुककर धमाकों की आवाजें आती रहीं।
दमकल की गाड़ियों को पानी के लिए करनी पड़ी मशक्कत
आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दमकल की गाड़ियों में पानी का दबाव पर्याप्त नहीं था और पानी खत्म होने के बाद उन्हें दोबारा भरना पड़ रहा था। अतिरिक्त दमकल वाहनों की मदद से करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता विशाल चौधरी के अनुसार, शुरुआती जानकारी में बिजली के तार पर पक्षी के बैठने से स्पार्क होने की बात सामने आई है। इससे निकली चिंगारी नीचे पड़ी सूखी घास पर गिरी और आग फैलते हुए वर्कशॉप तक पहुंच गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति रही बाधित
आग की घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। दोपहर करीब 12:15 बजे बंद की गई सप्लाई शाम लगभग पांच बजे तक बहाल की जा सकी। इस दौरान शहर के कई इलाकों में करीब पांच घंटे तक बिजली गुल रही। प्रशासन और पुलिस ने घटनास्थल के आसपास यातायात रोककर लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इस हादसे ने घनी आबादी वाले इलाके में स्थित बिजली विभाग के संवेदनशील परिसर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पेट्रोल पंप और पावर हाउस जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के पास लगी आग यदि और फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।