मुजफ्फरपुर के अस्पताल में भीषण आग, फुटेज में देंखे ICU में फंसे 5 मरीजों की मौत; 20 से ज्यादा झुलसे
बिहार के मुजफ्फरपुर में बुधवार देर रात एक निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के ICU में लगी आग की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया गया कि शॉर्ट सर्किट के बाद ICU में लगे एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट हो गया, जिससे आग तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ICU में मौजूद कई मरीज धुएं और आग की चपेट में आ चुके थे।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि आग लगने के दौरान अस्पताल का स्टाफ मौके से गायब हो गया था, जिसके कारण मरीजों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। कई परिजन अपने मरीजों को स्ट्रेचर पर लेकर अस्पताल से बाहर निकलते दिखाई दिए।
बताया जा रहा है कि ICU वार्ड अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित था। ऊंचाई अधिक होने के कारण राहत और बचाव कार्य में दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बचाव दल ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर ICU समेत अन्य वार्डों में फंसे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों, अस्पताल में मौजूद अग्नि सुरक्षा इंतजामों और कथित लापरवाही की जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।