पटना में गंगा नदी में बड़ा हादसा, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे नाव पलटने से 3 की मौत; 4 लोग लापता, कई महिलाएं और बच्चे थे सवार
बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ इलाके में गुरुवार को गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। उमानाथ क्षेत्र के पास एक नाव अचानक पलट गई, जिसमें सवार 14 लोगों में से 3 की डूबने से मौत हो गई, जबकि 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग बाढ़ थाना क्षेत्र के बिंद टोली गांव के रहने वाले थे। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे ये लोग नावके जरिए समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा इलाके में गए थे। बताया जा रहा है कि दियारा क्षेत्र में लोग अक्सर खेती और सब्जी तोड़ने के काम से जाते हैं। नाव में सवार लोगों में महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, काम खत्म करने के बाद जब सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी अचानक मौसम खराब हो गया। तेज हवा चलने लगी और गंगा नदी में लहरें उठने लगीं। इसी दौरान क्षमता से अधिक लोगों और सामान के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के बीचोंबीच पलट गई।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नदी में डूब रहे लोगों को बचाने के लिए आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत नाव लेकर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लापता लोगों की तलाश जारी है।
प्रशासन ने अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं 4 लोगों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नदी में तेज बहाव और खराब मौसम के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाव पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। नाव में लाइफ जैकेट या अन्य बचाव उपकरण मौजूद नहीं थे। इसके अलावा नाव में क्षमता से अधिक लोग और सामान सवार होने की बात भी सामने आई है। प्रशासन अब इस पूरे मामले की जांच कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दियारा क्षेत्र में आने-जाने के लिए सुरक्षित नाव व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग जोखिम उठाने को मजबूर हैं। हर साल इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जाता।हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में चीख-पुकार और रोते-बिलखते परिजनों का माहौल बेहद दर्दनाक नजर आया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की टीम लगातार नदी में लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है और लोगों से नदी पार करते समय सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।