×

जोगबनी-मुजफ्फरपुर-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस का पाटलिपुत्र जंक्शन पर होगा ठहराव, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी

 

रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। 26301/02 जोगबनी-मुजफ्फरपुर-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस अब पाटलिपुत्र जंक्शन पर भी रुकेगी। इसके लिए रेलवे बोर्ड की ओर से मंजूरी दे दी गई है। ट्रेन के नए ठहराव से पटना और आसपास के यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे के अनुसार, पाटलिपुत्र जंक्शन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर मुजफ्फरपुर, जोगबनी और दानापुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। यह ट्रेन अपनी तेज रफ्तार और आधुनिक सुविधाओं के कारण यात्रियों के बीच पहले से ही लोकप्रिय है।

इसके अलावा रेलवे ने दो अन्य ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी फैसला लिया है। 13211/12 जोगबनी-मुजफ्फरपुर-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और 94803/04 जयनगर-समस्तीपुर-पटना नमो भारत रैपिड ट्रेन का ठहराव अब लहेरियासराय स्टेशन पर दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन ट्रेनों के नए ठहराव से दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। लंबे समय से स्थानीय यात्रियों की ओर से प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही थी, जिसे देखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है।

हालांकि, अभी तक इन ट्रेनों के ठहराव की शुरुआत की तारीख और समय सारणी जारी नहीं की गई है। रेलवे जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा करेगा। इसके बाद यात्रियों को ट्रेन के नए समय और ठहराव की पूरी जानकारी मिल सकेगी।

रेलवे लगातार यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए ट्रेनों के ठहराव और संचालन व्यवस्था में बदलाव कर रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे आधुनिक ट्रेनों के अधिक स्टेशनों पर रुकने से यात्रियों को समय की बचत के साथ बेहतर यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।