गयाजी में शादी के नाम पर ठगी: वीडियो में देंखे राजस्थान के दूल्हे परिवार से लाखों की ज्वेलरी और कैश लेकर दुल्हन फरार
बिहार के गयाजी (Gaya) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के नाम पर राजस्थान के एक परिवार के साथ लाखों रुपये की ठगी कर दी गई। पीड़ित परिवार राजस्थान के टोंक जिले का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, संजय पटवा अपने परिवार के साथ सोमवार रात बेलागंज के दरियापुर गांव में बारात लेकर पहुंचे थे। शादी समारोह में दोनों पक्षों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से सभी रस्में पूरी की गईं, यहां तक कि सिंदूरदान की रस्म भी संपन्न हो गई।
लेकिन विदाई से ठीक पहले अचानक घटनाक्रम बदल गया। दूल्हे पक्ष का कहना है कि दुल्हन कपड़े बदलने के बहाने कमरे में गई, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आई। जब परिवार को शक हुआ और कमरे में जाकर देखा गया तो वहां ताला लटका हुआ था।
इसके बाद पता चला कि दुल्हन और उसका पूरा परिवार शादी के दौरान ही लाखों रुपये के गहने, कपड़े और नकदी लेकर फरार हो गया। इस घटना से दूल्हे पक्ष में हड़कंप मच गया और पूरे परिवार को बड़ा झटका लगा।स्थानीय स्तर पर इस मामले की चर्चा तेजी से फैल गई है और लोग इसे शादी के नाम पर संगठित ठगी का मामला बता रहे हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले की जांच जारी है।