×

‘पत्नी की हत्या में मदद करोगे तो 11 लाख का कर्ज माफ…’ कातिल पति ने रची साजिश, 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया माला मर्डर केस

 

बिहार के पटना के गजचक मोहम्मदपुर में माला देवी मर्डर केस को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति सुबोध शर्मा समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में पता चला है कि माला देवी की हत्या उसके पति ने सोची-समझी साजिश के तहत की थी। बताया जा रहा है कि 26 लाख रुपये का विवाद था और पति को अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंधों का शक था।

पुलिस के मुताबिक, सुबोध शर्मा को डर था कि उसकी पत्नी जमीन बेचकर मिले पैसे वापस नहीं करेगी। उसे यह भी शक था कि उसकी पत्नी के कई आदमियों से अवैध संबंध हैं। इसी वजह से उसने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची। इस साजिश में उसके दोस्त कुणाल किशोर ने भी उसकी मदद की।

महिला का शव 11 जनवरी को जानीपुर थाना इलाके से मिला था। मृतका के पिता के बयान के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिससे जहानाबाद रेलवे स्टेशन से कुणाल किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया। किशोर पाली (जहानाबाद) के नारायणपुर मुरारी का रहने वाला है।

कुणाल की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया। पूछताछ में किशोर ने हत्या की साजिश में शामिल होने की बात कबूल कर ली। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि कुणाल और सुबोध शर्मा करीबी दोस्त थे।

अधिकारियों ने क्या कहा?

सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने मामले के बारे में बताते हुए कहा कि कुणाल किशोर ने माला देवी को जमीन का एक प्लॉट दिखाने के बहाने गजचक मोहम्मदपुर बुलाया था। बदले में सुबोध शर्मा ने कुणाल का पिछला ₹2.5 लाख का कर्ज माफ करने और हत्या के बाद उसे अतिरिक्त रकम देने का वादा किया था।

11 जनवरी को माला देवी प्लॉट का मुआयना करने पहुंची, जहां उसका पति सुबोध शर्मा पहले से मौजूद था। सुबोध शर्मा ने मौका मिलते ही माला देवी के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी भाग गए, लेकिन पुलिस की तेज कार्रवाई की वजह से उन्हें जल्दी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।