बिहारशरीफ में बर्थडे पार्टी के बहाने महिला डांसर से गैंगरेप, थाने से कुछ दूरी पर वारदात; 4 आरोपी गिरफ्तार
बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ में महिला डांसर के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार रात एक जन्मदिन पार्टी के बहाने महिला डांसर को किराये के मकान में बुलाया गया था। आरोप है कि वहां मौजूद युवकों में से दो ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना थाने से महज कुछ दूरी पर हुई। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
बिचौलिये के जरिए दो युवतियों को बुलाया गया था
पुलिस के अनुसार, शिवपुरी मोहल्ले के एक किराये के मकान में कुछ युवक रहते थे। मकान में मकान मालिक नहीं रहते थे। इनमें से एक युवक का जन्मदिन था। पार्टी में डांस कार्यक्रम के लिए बिचौलिये के माध्यम से दो युवतियों को बुलाया गया था।पीड़िता के मुताबिक, जब वह अपनी साथी के साथ कमरे में पहुंची तो वहां पहले से सात युवक मौजूद थे। शुरुआत में युवतियों ने वहां डांस करने से इनकार किया, लेकिन युवकों के कहने पर वे तैयार हो गईं। डांस कार्यक्रम के दौरान उसकी साथी युवती वहां से चली गई। इसके बाद कमरे में मौजूद दो युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने विरोध किया तो उसे डराया-धमकाया गया।
सुबह सात बजे पुलिस को मिली सूचना
घटना के बाद रविवार सुबह करीब सात बजे पीड़िता ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही लहेरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता को अपनी सुरक्षा में लिया और मेडिकल जांच कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने कमरे का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने बताया कि मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें चार को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
थाने के पास वारदात से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिस मकान में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी, वह लहेरी थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद शनिवार रात हुई घटना की जानकारी पुलिस को रविवार सुबह मिली।स्थानीय लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि किराये के मकान में रहने वाले युवकों ने जन्मदिन की पार्टी में डांसर बुलाने पर इतना खर्च कैसे किया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पार्टी में मौजूद अन्य युवकों की इस घटना में क्या भूमिका थी।