☰
×

आरा में सड़क हादसे में घायल फाइनेंस कंपनी के GM की मौत, ऑपरेशन के दौरान तोड़ा दम; गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर अस्पताल में की तोड़फोड़

 

बिहार के भोजपुर जिले के आरा में सड़क हादसे में घायल फाइनेंस कंपनी के जनरल मैनेजर (GM) की एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार शाम हाथ के ऑपरेशन के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और आरा-बक्सर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

मृतक की पहचान गजराजगंज थाना क्षेत्र के नवादा बेन गांव निवासी 45 वर्षीय राजकुमार सिंह के रूप में हुई है। वह फाइनेंस कंपनी में काम करते थे और वर्तमान में सारण जिले के सोनपुर में जनरल मैनेजर के पद पर तैनात थे।

बाइक से लौटते समय हुआ था हादसा

परिजनों के मुताबिक, राजकुमार सिंह शनिवार को अपने गांव आए थे। सोमवार सुबह वह बाइक से वापस सोनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान कोईलवर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के पास आरा-छपरा फोरलेन पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई और हड्डी टूट गई।

इसके बाद परिजन उन्हें आरा के पकड़ी स्थित गैस एजेंसी रोड के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हाथ का ऑपरेशन करने की सलाह दी। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।

डेढ़ घंटे बाद ऑपरेशन के दौरान मौत

परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन शुरू होने के करीब डेढ़ घंटे बाद राजकुमार सिंह की मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी वहां से चले गए और अस्पताल में ताला लगा दिया। परिवार ने आरोप लगाया कि मौत के बाद उन्हें सदर अस्पताल भेजने की बात कहकर अस्पताल से बाहर कर दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।

गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

राजकुमार सिंह की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने पकड़ी के पास आरा-बक्सर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की भी खबर है। सड़क जाम होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर नगर थाना, नवादा थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने और सड़क पर आवागमन सामान्य कराने का प्रयास किया।

परिवार ने की जांच और कार्रवाई की मांग

मृतक के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि उनके भाई के हाथ में फ्रैक्चर था, लेकिन ऑपरेशन के दौरान उनकी जान चली गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अस्पताल को सील करने की मांग की है। राजकुमार सिंह के परिवार में मां गायत्री देवी, पत्नी रागिनी देवी और एक बेटा राहुल है। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।