दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी, UP-बिहार में बारिश, जानें 10 राज्यों का मौसम
हाल ही में आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे देश में मौसम बदल गया है। कई राज्यों में प्री-मानसून पहले ही आ चुका है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार और हरियाणा-पंजाब तक कहीं छिटपुट तो कहीं भारी बारिश का सिलसिला जारी है। हालिया मौसमी स्थितियों को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए चेतावनी जारी की है। मंगलवार को देश के 10 से अधिक राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना है। हालांकि, कुछ राज्यों में भीषण गर्मी और लू चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के दिल्ली केंद्र के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी संभव है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी आने की भी संभावना है। हालांकि, दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसी तरह मौसम विभाग ने हरियाणा और पंजाब के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। इन दोनों राज्यों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की भी संभावना है।
राजस्थान में गर्मी से राहत
मौसम विभाग के जयपुर केन्द्र के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में आंधी और बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी। पूर्वी भागों में शुष्क मौसम के कारण तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसी तरह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के भोपाल केंद्र से मिले इनपुट के अनुसार पूर्वी हिस्सों में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और तूफान आ सकता है। इसी तरह पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी लू चलने की संभावना है।
पहाड़ों पर बर्फबारी और यूपी-बिहार में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। वहीं, बिहार-झारखंड आदि राज्यों में कई जगहों पर बिजली गिरने और वज्रपात की संभावना है। दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हो सकती है। मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार लखनऊ, आगरा, कानपुर, गोरखपुर और आजमगढ़ जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।