×

मंडप से सीधे परीक्षा केंद्र, नई नवेली दुल्हन संजना ने शादी के बाद दिया एग्जाम, बनी चर्चा का विषय

 

पढ़ाई के प्रति समर्पण की मिसाल बनकर नई नवेली दुल्हन संजना शर्मा सुर्खियों में हैं। शादी के तुरंत बाद जब अधिकतर दुल्हनें रस्मों-रिवाज में व्यस्त रहती हैं, वहीं संजना मंडप से सीधे परीक्षा केंद्र पहुंच गईं। बताया जाता है कि संजना की शादी सोमवार को पटना के सत्य प्रकाश शर्मा से धूमधाम से हुई। लेकिन जैसे ही विदाई का समय आया, वह पारंपरिक दुल्हन के लिबास में ही आर.डी. एंड डी.जे. कॉलेज, मुंगेर स्थित परीक्षा केंद्र पहुंच गईं और बिना देर किए एलएलबी चौथे सेमेस्टर की परीक्षा दी।

कॉलेज में दुल्हन की वेशभूषा में परीक्षा देने पहुंची संजना को देखकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच चर्चा का माहौल बन गया। सभी ने उनके जज्बे और शिक्षा के प्रति commitment की सराहना की। संजना का कहना है कि परीक्षा उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण थी और शादी जैसा बड़ा समारोह भी उनकी पढ़ाई को रोक नहीं सकता। उनका यह कदम युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक संदेश बन गया है।