खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, गया में मुख्य सचिव ने की प्रचार की शुरुआत
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के प्रचार अभियान के तहत बिहार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीना ने आज गया एवं बोधगया क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए जिला अतिथि गृह से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना ए.एन. तथा जिला मजिस्ट्रेट डॉ. त्यागराजन एस.एम. भी उपस्थित थे।
यह अभियान खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के सफल आयोजन और व्यापक जन जागरूकता के लिए चलाया जा रहा है, जिसका आयोजन 4 से 15 मई 2025 तक बिहार के पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय जिलों में किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत गया जिले में सात प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें लगभग 2200 खिलाड़ी, तकनीकी कर्मचारी एवं अन्य कर्मी भाग लेंगे।
मुख्य सचिव अमृत लाल मीना ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा हर स्तर पर पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खेलों की सफलता के लिए प्रचार अभियान को महत्वपूर्ण बताया तथा सभी विभागों से समन्वय एवं सहयोग की अपील की। इस कार्यक्रम से बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।