×

पटना में आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे शुभारंभ

 

राजधानी पटना में आज श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच इस्कॉन मंदिर की ओर से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

रथयात्रा से पहले दोपहर 1 बजे विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन होगा। इसके बाद भगवान जगन्नाथ अपने भव्य रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देंगे। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरे वातावरण में भजन-कीर्तन और जयघोष गूंजेगा।

दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उनके साथ कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और इस्कॉन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। रथयात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु भगवान के रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। रास्ते भर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यवस्था की गई है। कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की ओर से भक्तों के लिए पेयजल, शरबत और प्रसाद वितरण की भी तैयारी की गई है।

आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है।

इस्कॉन प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। हर वर्ष की तरह इस बार भी रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा सनातन परंपरा का एक प्रमुख धार्मिक उत्सव है, जिसे देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। पटना में आयोजित यह रथयात्रा भी राजधानी के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जहां हर वर्ग और आयु के लोग भगवान के दर्शन और आशीर्वाद के लिए पहुंचते हैं।