×

बेगूसराय में छात्र आंदोलन के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव; समाहरणालय और ट्रैफिक चौक पर मची अफरा-तफरी

 

बिहार के बेगूसराय में गुरुवार (23 जुलाई) को छात्र आंदोलन के दौरान जमकर हंगामा और उपद्रव देखने को मिला। जीडी कॉलेज से निकले सैकड़ों छात्रों के जुलूस के बीच शामिल कुछ उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। घटना के बाद शहर के कई इलाकों में तनाव की स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार, छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए जीडी कॉलेज से निकले थे। छात्रों का हुजूम शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने समाहरणालय, कैंटीन चौक और ट्रैफिक चौक के पास पुलिस बल पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।

अचानक हुए पथराव से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को काबू करने का प्रयास किया। घटना के दौरान इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आंदोलन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान करने में जुटी है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।वहीं, छात्र संगठनों का कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण था और कुछ बाहरी लोगों ने हंगामा किया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव से आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ और लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।