अवैध संबंध के शक में साढ़ू ने की युवक की हत्या, शव बोरे में बंद कर पईन में फेंका
धनरुआ थाना क्षेत्र के चंदापर गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की हत्या उसके ही साढ़ू ने कथित तौर पर अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में बंद कर महादेवपुर के पास स्थित एक पईन (नाले) में फेंक दिया गया। घटना का खुलासा मृतक की बहन की शिकायत के बाद पुलिस जांच में हुआ है।
मृतक की पहचान चंदापर निवासी विक्की कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विक्की कुमार की पत्नी और उसके साढ़ू सिद्धनाथ कुमार के बीच अवैध संबंध थे। इसी को लेकर पारिवारिक विवाद की स्थिति बनी हुई थी। आशंका है कि इसी अवैध संबंध के चलते विक्की कुमार की हत्या की साजिश रची गई।
परिजनों के मुताबिक, विक्की पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उसकी बहन ने धनरुआ थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सिद्धनाथ कुमार पर संदेह हुआ।
पुलिस ने जब सिद्धनाथ को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अन्य आरोपितों के साथ मिलकर विक्की की हत्या की और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरे में बंद कर महादेवपुर के पास एक पईन में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने संबंधित स्थान से शव बरामद कर लिया।
शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
धनरुआ थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी सिद्धनाथ कुमार को हिरासत में ले लिया गया है और अन्य संभावित आरोपितों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अवैध संबंधों और आपसी अविश्वास के चलते पारिवारिक रिश्ते किस हद तक टूट सकते हैं। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।