×

पटना एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट से टकराया पक्षी, वीडियो में देंखे 164 यात्रियों की अटकी सांसें; सुरक्षित लैंडिंग के बाद टला बड़ा हादसा

 

 

पटना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट से पक्षी के टकराने की आशंका सामने आई। फ्लाइट में 164 यात्री सवार थे। पायलट ने रनवे के पास पहुंचते समय विमान के दाहिने इंजन के पास पक्षी के टकराने की आशंका जताई, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू कर दिया। हालांकि, विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/9YKSBGzlN3E?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/9YKSBGzlN3E/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के मुताबिक एअर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 सोमवार सुबह दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर पटना के लिए रवाना हुई थी। विमान जब पटना एयरपोर्ट के पास पहुंचा तो पायलट को विमान के दाहिने टरबाइन के आसपास पक्षी के टकराने की आशंका हुई। पायलट ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी। स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट अधिकारियों ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी।

अधिकारियों के मुताबिक फ्लाइट सुबह 7 बजकर 43 मिनट पर पटना एयरपोर्ट के रनवे पर सुरक्षित उतरी। किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और अन्य संबंधित आपातकालीन सेवाओं को पहले ही तैनात कर दिया गया था। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया और विमान की तकनीकी जांच शुरू की गई।

लैंडिंग के बाद विमान की विस्तृत जांच में पक्षी के टकराने की पुष्टि हुई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना से विमान के इंजन को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा। तकनीकी टीम ने विमान की जरूरी जांच-पड़ताल की और उसकी स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद उसे दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक सुरक्षा और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली लौटने की मंजूरी मिल गई। इस दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया। एहतियात के तौर पर लागू किए गए इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल को भी स्थिति सामान्य होने के बाद समाप्त कर दिया गया।

बर्ड हिट यानी विमान से पक्षी के टकराने की घटनाएं हवाई यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानी जाती हैं। खासकर टेकऑफ और लैंडिंग के समय विमान अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर होता है, इसलिए इस तरह की घटनाओं में अतिरिक्त सावधानी बरती जाती है। पक्षी के इंजन में चले जाने की स्थिति में विमान को तकनीकी नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।

पटना एयरपोर्ट पर सोमवार को हुई घटना में समय रहते सावधानी बरते जाने और सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए जाने से किसी बड़े हादसे की स्थिति नहीं बनी। विमान में सवार सभी 164 यात्री सुरक्षित रहे। तकनीकी जांच में भी इंजन को नुकसान नहीं मिलने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और पक्षियों की गतिविधियों पर निगरानी को लेकर भी आवश्यक सतर्कता बरती।