बिहार के बांका में पुलिस एनकाउंटर, STF ने एक लाख के इनामी नक्सली को किया ढेर
मंगलवार की शाम बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के कलोथर जंगल में पुलिस मुठभेड़ हुई जिसमें कुख्यात नक्सली रमेश टुडू उर्फ टेंटुआ को बांका पुलिस के सहयोग से एसटीएफ ने मार गिराया। बांका एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
वह शस्त्र अधिनियम सहित अन्य मामलों में भी आरोपी थे।
बताया जा रहा है कि कुख्यात नक्सली रमेश टुडू पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह बिहार और झारखंड के कई थानों की पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका था। वह शस्त्र अधिनियम सहित कई अन्य मामलों में आरोपी थे। मृत नक्सली के खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडी और चकाई थाने तथा झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह थाने में कुल 11 मामले दर्ज हैं।
वह जमुई में नक्सली संगठन का एरिया कमांडर भी था। मृतक के पास से एक कार्बाइन भी बरामद की गई। मृत नक्सली की पहचान बांका जिले के कटोरिया थाना अंतर्गत बूढ़ी घाट निवासी मटरू टुडू के पुत्र रमेश टुडू उर्फ टटुआ (35) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ को सूचना मिली थी कि उक्त नक्सली कठौर जंगल में छिपा हुआ है, जिसके बाद कटोरिया थाना प्रभारी अरविंद राय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी के लिए पहुंची। इसी क्रम में बुढीघाट और कलोथर के जंगलों में पुलिस को देख नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।
सीने और माथे पर गोली लगने से नक्सली की मौत
इस गोलीबारी में नक्सली की छाती और माथे में गोली लगने से मौत हो गई। इसके बाद देर शाम पुलिस ने नक्सली को घायल समझकर इलाज के लिए कटोरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा अन्य पुलिस बलों के साथ कटोरिया रेफरल अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।