बिहार चुनाव 2025: NDA में चिराग-मांझी को कितनी सीटें? कुशवाहा को कम या ज्यादा, यहां देखिए फॉर्मूला
बिहार में इस साल (2025) अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। एनडीए का मुकाबला महागठबंधन से है। इस बीच एनडीए के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला सामने आया है। बिहार एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत चल रही है। बिहार में विधानसभा की 243 सीटें हैं और एनडीए में पांच पार्टियां बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव के फॉर्मूले पर सीट शेयरिंग की संभावना
सीट शेयरिंग की बात करें तो बिहार की 243 में से जेडीयू-102-103, बीजेपी-101-102, एलजेपी रामविलास 25-28, हम-6-7 और आरएलएम 4-5 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। माना जा रहा है कि एनडीए में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला यही हो सकता है। 2024 के लोकसभा चुनाव के फॉर्मूले पर विधानसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग की संभावना है। पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में बिहार में भाजपा ने 17, जदयू ने 16, लोजपा (रामविलास) ने 5, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने एक-एक सीट पर चुनाव लड़ा था। सूत्रों ने जानकारी दी है कि विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में इस फॉर्मूले पर चर्चा हो रही है। एनडीए में इस फॉर्मूले के तहत सीट बंटवारे में गठबंधन के छोटे सहयोगी और बड़े सहयोगी दलों के बीच संतुलन बनाकर हिस्सेदारी तय करने पर चर्चा हो रही है। 2020 के चुनाव में किस पार्टी ने कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा? 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव की बात करें तो जेडीयू के कोटे में 122 सीटें थीं। इसमें से जेडीयू ने हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को सात सीटें दी थीं। भाजपा के कोटे में 121 सीटें थीं। भाजपा ने अपने कोटे में से 11 सीटें विकासशील इंसान पार्टी को दी थीं। अगर देखें तो 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने 115 और भाजपा ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा था। भाजपा के उम्मीदवारों ने 74 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जनता दल यूनाइटेड के 43 उम्मीदवार चुनाव जीते।