भोजपुर एनकाउंटर पर बवाल, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे भरत तिवारी की मौत के बाद सड़क जाम और प्रदर्शन
बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस एनकाउंटर में भरत तिवारी की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। बुधवार को हुई इस घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं गुरुवार को स्थिति तब और बिगड़ गई जब गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस एनकाउंटर में मौत
पुलिस के अनुसार, भरत तिवारी पर पुलिस टीम पर पिस्टल तानने और फायरिंग करने का आरोप था। इसी कार्रवाई के दौरान हुए एनकाउंटर में उसकी मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई थी।हालांकि इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
गांववालों का गंभीर आरोप
भरत तिवारी के गांव वालों और परिजनों ने पुलिस के दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए आरोप लगाया है कि वह सरेंडर कर चुका था। उनका कहना है कि हथियार फेंकने के बाद भी पुलिस ने उसे चार गोलियां मारीं।परिजनों का यह भी आरोप है कि यदि गोली चलानी ही थी तो घुटनों के नीचे मारी जानी चाहिए थी, लेकिन गोली शरीर के ऊपरी हिस्से में मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
शव रखकर किया प्रदर्शन
घटना से आक्रोशित लोगों ने गुरुवार को भरत तिवारी के शव को आरा-बक्सर फोरलेन पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 6 घंटे तक लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
पुलिस-प्रदर्शनकारी आमने-सामने
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
इलाके में तनाव, जांच की मांग
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि प्रशासन स्थिति को शांत करने में जुटा है।इस पूरे मामले ने एक बार फिर पुलिस एनकाउंटर की प्रक्रिया और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।