छठ के बाद परदेस लौटने वालों की उमड़ी भीड़, नियमित ट्रेनों में 10 दिन तक नो रूम; स्पेशल ट्रेनों में सीटें खाली
महापर्व छठ के समापन के बाद अब बिहार से दूसरे राज्यों में कामकाज और नौकरी के लिए लौटने वाले लोगों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। पटना सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। नियमित ट्रेनों में अगले 10 दिनों तक नो रूम और लंबी प्रतीक्षा सूची की स्थिति बनी हुई है। कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में यात्री सामान्य टिकट लेकर सफर करने को मजबूर हैं। इससे अनारक्षित डिब्बों में यात्रियों की भारी भीड़ हो रही है और कई ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बच रही है।
मंगलवार को पटना जंक्शन पर दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगते ही यात्री पहले डिब्बे में चढ़ने की कोशिश करने लगे। सीट और जगह पाने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की और चढ़ने की होड़ देखने को मिली।
आरपीएफ और जीआरपी ने संभाली व्यवस्था
स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस के जवान लगातार सक्रिय रहे। जवानों ने माइकिंग के जरिए यात्रियों को सावधानी बरतने और व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ने की अपील की। लगातार उद्घोषणा कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, ताकि प्लेटफॉर्म पर किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को इंतजार के दौरान राहत देने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। रेलवे के रंगकर्मियों ने होल्डिंग क्षेत्र में मौजूद यात्रियों का मनोरंजन किया। इससे लंबी दूरी की ट्रेनों का इंतजार कर रहे लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली।
स्पेशल ट्रेनों में उपलब्ध हैं बर्थ
नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची के बीच रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को राहत भरी जानकारी दी है। रेल प्रशासन के अनुसार, स्पेशल ट्रेनों में अभी भी पर्याप्त सीटें और बर्थ उपलब्ध हैं। ऐसे में यात्रियों को केवल नियमित ट्रेनों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर भीड़ देखकर घबराएं नहीं और यात्रा से पहले स्पेशल ट्रेनों में उपलब्ध सीटों की जानकारी प्राप्त करें। यात्री आरक्षण की स्थिति जांचकर अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।
त्योहार के बाद बढ़ा यात्रियों का दबाव
छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग बिहार लौटे थे। अब त्योहार समाप्त होने के बाद उनके वापस कामकाज वाली जगहों पर जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कारण दिल्ली और अन्य बड़े शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ गया है।
रेलवे के सामने इस समय यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और भीड़ प्रबंधन बड़ी चुनौती है। ऐसे में यात्रियों से अपील की गई है कि वे जल्दबाजी में ट्रेन में चढ़ने से बचें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।