बिहार में अनोखी शादी बनी चर्चा का विषय, वीडियो में देंखे जेंडर चेंज के बाद फुफेरी बहन से मंदिर में विवाह
बिहार के जमुई जिले में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां बीपीएससी (BPSC) से चयनित एक सरकारी शिक्षिका ने अपनी फुफेरी बहन का कथित तौर पर जेंडर चेंज कराने के बाद उससे मंदिर में शादी कर ली। शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद मामला पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बन गया है।
फुफेरी बहन से की शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकारी शिक्षिका नयनश्री कुमारी ने अपनी फुफेरी बहन राखी कुमारी के साथ विवाह किया है। बताया जा रहा है कि राखी ने जेंडर परिवर्तन की प्रक्रिया के बाद अपना नाम राहुल रख लिया। इसके बाद दोनों ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी कर ली। शादी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।
जेंडर चेंज के लिए लिया था लोन!
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नयनश्री कुमारी ने जेंडर परिवर्तन की प्रक्रिया के लिए करीब 8 लाख रुपये का लोन लिया था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक दस्तावेजों या संबंधित पक्षों की ओर से विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
परिवारों के बीच बढ़ा विवाद
शादी की जानकारी सामने आने के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों ने इस रिश्ते पर आपत्ति जताई, जिसके चलते परिवारों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।स्थानीय स्तर पर भी इस विवाह को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे दोनों की व्यक्तिगत पसंद बता रहे हैं, जबकि कुछ ने इसका विरोध किया है।
घर छोड़कर चले गए दोनों
परिवारों के विरोध और बढ़ते विवाद के बीच नवविवाहित जोड़ा घर छोड़कर कहीं चला गया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।परिजन भी उनके वर्तमान ठिकाने के बारे में जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है, हालांकि किसी प्रकार की कानूनी शिकायत या पुलिस कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर छाया मामला
शादी से जुड़े फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। लोग इस पर अपनी-अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि दोनों आगे कहां रहते हैं और परिवारों के साथ उनका विवाद किस तरह सुलझता है।