भूमि विवाद ने लिया उग्र रूप, थाने में घुसकर 10-15 असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर किया हमला, 5 घायल
बिहार के मधेपुरा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कुमारखंड थाना परिसर में मंगलवार को 10-15 असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला बोल दिया, जिसमें तीन एएसआई, एक ड्राइवर और एक डाटा ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज स्थानीय कुमारखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
घटना की जड़ें एक पुराने भूमि विवाद से जुड़ी हुई बताई जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडीस्थान गांव में मो. लड्डू और मो. जब्बार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। सोमवार को इस विवाद के एक पक्ष द्वारा थाने में लिखित शिकायत भी दी गई थी।
हालांकि पुलिस जांच शुरू करती, इससे पहले ही सोमवार देर रात दूसरे पक्ष ने खेत जोतना शुरू कर दिया, जिससे तनाव और बढ़ गया। इसी विवाद को लेकर मंगलवार को एक पक्ष के लोगों ने थाने पर धावा बोल दिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना के बाद थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। हमले की सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी भय का माहौल है। पुलिस अब दोनों पक्षों की गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।