बेतिया में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में घुसी तेज रफ्तार बस, 5 लोगों की मौत; 12 से ज्यादा घायल, मची चीख-पुकार
बिहार के बेतिया में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसा लौरिया थाना क्षेत्र में बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास हुआ। तेज रफ्तार बस सड़क किनारे चल रहे एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी और वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया।
बताया जा रहा है कि हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ। उस समय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कार्यक्रम स्थल में घुस गई। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
हादसे में पांच लोगों की मौके पर या इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है।
हादसे में मारे गए देवेंद्र दुबे के बेटे की छठी का कार्यक्रम था। इसी मौके पर ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। परिवार और आसपास के लोग कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों का यह माहौल कुछ ही देर में मातम में बदल जाएगा।
हादसे में 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने की भी जानकारी सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक कार्यक्रम स्थल की ओर मुड़ गई। हालांकि बस के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के समय बस में करीब 15 यात्री सवार थे।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने बस और एक ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। कार्यक्रम स्थल पर लगी कुर्सियां भी तोड़ दी गईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की और हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए बस की स्थिति और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में बच्चे की छठी को लेकर उत्सव मनाया जा रहा था, उसी कार्यक्रम में बच्चे के पिता देवेंद्र दुबे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है।