बिहार की धरती से निकलेगा 223 मिलियन टन सोने वाला अयस्क! नीति आयोग बना रहा खनन का खाका, जानिए कब शुरू होगी खुदाई
बिहार की जमीन के नीचे छिपे सोने के भंडार को बाहर निकालने की तैयारी तेज हो गई है। देश में सोने के खनन को बढ़ावा देने और विदेशों से होने वाले आयात पर निर्भरता कम करने के लिए नीति आयोग नया खाका तैयार कर रहा है। इस योजना के तहत बिहार के जमुई जिले में मौजूद सोने वाले अयस्क के विशाल संसाधन का इस्तेमाल करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हालांकि, 223 मिलियन टन सोने का भंडार होने का मतलब इतना शुद्ध सोना मिलना नहीं है। भारतीय खान ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, बिहार में करीब 222.88 मिलियन टन सोने वाला अयस्क मौजूद है। इसमें शुद्ध सोने की अनुमानित मात्रा लगभग 37.6 टन है। यह संसाधन जमुई जिले के सोनो क्षेत्र में स्थित है।
नीति आयोग तैयार कर रहा है नई खनन नीति
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नीति आयोग देश में सोने की खोज और खनन को बढ़ावा देने के लिए नई नीति का खाका तैयार कर रहा है। इसमें खनन कंपनियों को वित्तीय प्रोत्साहन देने, लंबी अवधि के खनन अधिकार उपलब्ध कराने और नीलामी में भाग लेने वाली कंपनियों की तकनीकी क्षमता के आधार पर मूल्यांकन करने जैसे सुझाव शामिल हो सकते हैं।
नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने 'भारत की स्वर्ण खनन नीति: चुनौतियां, सीख और आगे की राह' नामक प्रारूप रिपोर्ट पर चर्चा की है। यह रिपोर्ट पाहले इंडिया फाउंडेशन ने विश्व स्वर्ण परिषद के सहयोग से तैयार की है।
योजना में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर तालमेल, खनन परियोजनाओं की मंजूरी आसान बनाने और जमीन के नीचे मौजूद खनिजों से संबंधित आंकड़ों को अधिक सटीक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
कब शुरू होगी सोने की खुदाई?
जमुई के सोनो क्षेत्र में सोने की मौजूदगी पहले ही भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण में सामने आ चुकी है। अब इसे व्यावसायिक खनन के योग्य बनाने के लिए विस्तृत खोज, जांच और परियोजना से जुड़ी मंजूरियां जरूरी हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, जमुई के सोनो क्षेत्र में सोने के लिए 2027-28 के दौरान परीक्षण उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, बिहार में विभिन्न खनिजों के व्यावसायिक उत्पादन के लिए 2026 से 2031 तक की समयसीमा बताई गई है। इसका मतलब है कि अभी तत्काल बड़े पैमाने पर सोने की खुदाई शुरू होने की पुष्टि नहीं हुई है।
बिहार को क्या होगा फायदा?
सोने का व्यावसायिक खनन शुरू होने पर बिहार को कई स्तरों पर फायदा मिल सकता है।
-
राजस्व में बढ़ोतरी: खनन से राज्य सरकार को रॉयल्टी और अन्य शुल्क के रूप में आय हो सकती है।
-
रोजगार के अवसर: खदानों और उनसे जुड़े उद्योगों में स्थानीय लोगों को काम मिल सकता है।
-
औद्योगिक विकास: खनन के साथ परिवहन, प्रसंस्करण और अन्य सहायक उद्योग विकसित हो सकते हैं।
-
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती: खनन परियोजनाओं से आसपास के क्षेत्रों में कारोबार और बुनियादी सुविधाओं को बढ़ावा मिल सकता है।
-
आयात पर निर्भरता में कमी: घरेलू स्तर पर सोने का उत्पादन बढ़ने से विदेशों से सोना खरीदने की जरूरत कुछ हद तक कम हो सकती है।
भारत हर साल विदेशों से खरीदता है भारी मात्रा में सोना
भारत दुनिया के प्रमुख सोना आयातक देशों में शामिल है। वित्त वर्ष 2025-26 में देश ने करीब 71.98 अरब डॉलर का सोना आयात किया था। यह मात्रा 800 टन से अधिक थी। ऐसे में घरेलू खनन को बढ़ावा देना विदेशी मुद्रा की बचत और आयात पर निर्भरता घटाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कुल मिलाकर बिहार के जमुई जिले में मौजूद सोने के संसाधन राज्य के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। हालांकि, जमीन के नीचे मौजूद अयस्क को निकालकर बाजार तक पहुंचाने में सर्वेक्षण, निवेश, पर्यावरणीय मंजूरी और तकनीकी प्रक्रियाओं की बड़ी भूमिका होगी।