×

आंध्र प्रदेश में कोविड से मौत के बाद बढ़ी चिंता, कडप्पा-तिरुपति में मिले 5 नए संक्रमित; वीडियो में देंखे अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश

 

आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी गई है। कडप्पा जिले में बुधवार को कोविड-19 से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मरीज का इलाज वेल्लोर के सीएमसी अस्पताल में चल रहा था, जहां जांच के दौरान उसकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इलाज के करीब चार दिन बाद मरीज ने दम तोड़ दिया।

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, मृतक की हालत पहले से गंभीर थी और कोविड संक्रमण के कारण उसके फेफड़े बुरी तरह प्रभावित हो गए थे। मरीज को संक्रमण की पुष्टि के बाद कंटेनमेंट जोन में रखा गया था। प्रशासन ने अब उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान और जांच शुरू कर दी है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/DHw6m1g68tk?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/DHw6m1g68tk/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू

स्वास्थ्य विभाग ने मृतक के संपर्क में आए लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है। अधिकारियों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि मरीज किन-किन लोगों के संपर्क में आया था, ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार को रोका जा सके।इसके साथ ही प्रभावित इलाके में सैनिटाइजेशन का काम भी शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।

कडप्पा और तिरुपति में मिले 5 नए कोविड मामले

कोविड से मौत की खबर सामने आने के बाद कडप्पा और तिरुपति जिलों में पांच नए संक्रमित मरीज मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों जिलों में निगरानी बढ़ा दी है।अधिकारियों का कहना है कि नए मामलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर कंटेनमेंट और अन्य एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।

सरकारी अस्पतालों से मांगी गई सुविधाओं की रिपोर्ट

कोविड मामलों को देखते हुए आंध्र प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। मेडिकल एजुकेशन डायरेक्टर (DME) ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों से स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता का पूरा विवरण मांगा है।अस्पतालों से आइसोलेशन बेड, ICU बेड, ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटिलेटर, दवाइयों, रैपिड टेस्ट किट, एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी देने को कहा गया है।स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करना चाहता है कि संक्रमण बढ़ने की स्थिति में अस्पतालों में किसी भी तरह की कमी न हो और मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

कोविड संक्रमण को लेकर प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर सतर्क रहें और बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।फिलहाल स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। संक्रमित मरीजों की निगरानी, संपर्क में आए लोगों की जांच और अस्पतालों की तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है।