'यह उनके प्रति अनादर, दिग्गजों को कहीं बेहतर विदाई देते हैं', एंडरसन को लेकर लंकाशायर के बर्ताव पर भड़के ब्रॉड
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने 2027 सीजन से पहले जेम्स एंडरसन को टीम से अलग करने के लंकाशायर के फैसले की आलोचना की है। ब्रॉड ने इस स्थिति को संभालने के लंकाशायर के तरीके को अपमानजनक बताया। खास बात यह है कि एंडरसन ने 2026 काउंटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 की औसत से 50 विकेट लिए थे।
ब्रॉड ने सवाल उठाया कि क्लब इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले इस खिलाड़ी के लिए एक सम्मानजनक विदाई का इंतजाम क्यों नहीं कर सका। हालांकि, वह समझते हैं कि लंकाशायर के नए प्रबंधन को भविष्य की योजनाओं पर विचार करने की जरूरत थी।
44 वर्षीय एंडरसन ने सोशल मीडिया पर एक बयान में पुष्टि की कि वह टीम छोड़ रहे हैं, क्योंकि लंकाशायर ने उन्हें नया अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) नहीं देने का फैसला किया है। 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी काउंटी क्रिकेट खेल रहे एंडरसन ने इस सीजन में डिवीजन टू में लंकाशायर की कप्तानी की थी। क्लब के लिए यह सीजन काफी मुश्किल रहा और वह चैंपियनशिप में सबसे नीचे से दूसरे स्थान पर रहे, फिर भी एंडरसन का प्रदर्शन शानदार रहा।
ब्रॉड ने माना कि ओल्ड ट्रैफर्ड में नेतृत्व में बदलाव हुआ है, लेकिन उनका तर्क है कि इस बदलाव का मतलब यह नहीं है कि जिस तरह से यह फैसला एंडरसन को बताया गया, उसे सही ठहराया जा सके। 'फॉर द लव ऑफ क्रिकेट' पॉडकास्ट पर ब्रॉड ने कहा, "लंकाशायर ने जिस तरह से उन्हें यह खबर दी, वह काफी अपमानजनक है। वह नए मुख्य कार्यकारी और क्रिकेट के नए निदेशक पॉल फारब्रेस से मिले, जिन्होंने उनसे कहा कि वह उन्हें नया अनुबंध नहीं देंगे। यह बात 19 अक्टूबर की है। मैं समझता हूं कि वह अपनी भूमिका में नए हैं, इसलिए शायद वह अगस्त में ऐसा नहीं कर पाए कि 'ठीक है, अब विदा लें, फैंस को अलविदा कहें, ओल्ड ट्रैफर्ड में अपनी आखिरी गेंद फेंकें' - इस तरह की चीजें हो सकती थीं। हालांकि, क्लब में कोई तो ऐसा नेतृत्व होना चाहिए था जो इसकी योजना बना सकता था।"
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ने सुझाव दिया कि क्लब एक ऐसी विदाई की योजना बना सकता था, जिससे प्रशंसक अपने इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक को सम्मान दे पाते। उन्होंने यह भी माना कि एक निराशाजनक सीजन के बाद, क्लब के फैसले के पीछे वित्तीय और खिलाड़ियों के चयन से जुड़ी कुछ मजबूरियां हो सकती हैं। हालांकि, एंडरसन के व्यक्तिगत रिकॉर्ड को देखते हुए उनके लिए इस फैसले को समझना मुश्किल था।
उन्होंने आगे कहा, "मैं समझ सकता हूं कि शायद उनकी सोच यह रही होगी कि एक खिलाड़ी की सैलरी बचाकर वह दो ठीक-ठाक क्रिकेटर ले सकते हैं। वह चैंपियनशिप में सबसे नीचे से दूसरे स्थान पर रहे हैं, उनका सीजन बहुत खराब रहा है, वह पिछले कुछ वर्षों से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं, और उन्हें सुधार की जरूरत है। मगर जेम्स एंडरसन ने 17 की औसत से 50 विकेट लिए हैं - देश में ऐसे बहुत कम गेंदबाज हैं जिन्होंने ऐसा किया हो। इसलिए मुझे हैरानी नहीं है कि कुछ काउंटी टीमों ने उनसे संपर्क करके यह जानना चाहा है कि क्या वह आगे खेलना चाहते हैं।"
इस बात की भी संभावना है कि एंडरसन अपना करियर कहीं और जारी रखें, क्योंकि ब्रॉड ने बताया कि इस तेज गेंदबाज के बयान से यह साफ नहीं होता कि वह पूरी तरह से संन्यास ले रहे हैं। इस सीजन में उनके प्रदर्शन को देखते हुए ब्रॉड का मानना है कि अन्य काउंटी टीमें 2027 के लिए उन्हें अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी ले सकती हैं।
उन्होंने आगे कहा, "मुझे नहीं पता कि उनके लिए आगे क्या है। उनका बयान काफी दिलचस्प था, क्योंकि उन्होंने संन्यास की घोषणा नहीं की है। हो सकता है कि वह दूसरे विकल्पों पर विचार करें। उनमें अभी भी बहुत कुछ बाकी है और कई काउंटी टीमें उन्हें अपनी टीम में लेना चाहेंगी। वह अभी भी देश के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं। सच कहूं तो, लंकाशायर का यह रवैया मुझे बिल्कुल पसंद नहीं आया। मुझे लगा कि इसे सही तरीके से नहीं किया गया, यह उनके प्रति अनादर था। आप खेल के अपने दिग्गजों और महान खिलाड़ियों को इससे कहीं बेहतर विदाई देते हैं। यह क्लब में नेतृत्व की कमी को दर्शाता है।"
ब्रॉड ने लंकाशायर के वरिष्ठ नेतृत्व की ओर से कोई ठोस कदम न उठाए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि क्लब के बोर्ड को यह सुनिश्चित करना चाहिए था कि एंडरसन के जाने से जुड़ी परिस्थितियों को बेहतर ढंग से संभाला जाता। ब्रॉड ने कहा, "क्लब के चेयरमैन और बोर्ड कहां हैं? उन्हें तो यह सुनिश्चित करना चाहिए था कि इसे बेहतर तरीके से किया जाए। मुझे यह सब देखकर बहुत अजीब और असहज महसूस हो रहा है। अगर जेम्स एंडरसन एक और साल खेलना चाहते हैं, जबकि उन्होंने 17 की औसत से 50 विकेट लिए हैं , तो आपको उनके खेलने का कोई न कोई रास्ता निकालना चाहिए था।"
इस फैसले के बाद एंडरसन का भविष्य अनिश्चित है, लेकिन उनके रिकॉर्ड को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि अन्य काउंटी टीमें अभी भी उनमें दिलचस्पी दिखा सकती हैं। उन्होंने 2024 में 188 टेस्ट मैचों में 704 विकेट लेने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम