यह समझना बहुत जरूरी होता है कि खिलाड़ी क्या करने में सक्षम हैं, मुझे उनकी क्षमता पता है: सूर्यकुमार यादव
अहमदाबाद, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के बाद सूर्या ने बताया है कि उन्हें अपने खिलाड़ियों की क्षमता का पता है। इसके साथ ही उन्होंने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह को सराहा है।
रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की शानदार पारियों के दम पर 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में 159 रन पर सिमट गई। भारत ने मुकाबला 96 रन से अपने नाम किया।
भारत को टी20 वर्ल्ड कप खिताब जिताने वाले तीसरे कप्तान बनने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा, "यह एक लंबा सफर रहा है। इसकी शुरुआत टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद हुई थी। जय शाह और रोहित शर्मा ने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे टीम की अगुआई करने का मौका दिया। वहां से यह लंबा सफर शुरू हुआ और यहां आकर ट्रॉफी जीतना शानदार है। पिछले दो वर्षों में हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे थे और हम बस वही अच्छी क्रिकेटिंग आदतें जारी रखना चाहते थे जो 2024 वर्ल्ड कप में थीं। खिलाड़ियों ने इसे बहुत अच्छे से अपनाया।"
खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखने को लेकर कप्तान सूर्या ने कहा, "यह समझना बहुत जरूरी होता है कि खिलाड़ी क्या करने में सक्षम हैं। मुझे पता था कि उनमें मैच जिताने की क्षमता है। सही समय पर उन्होंने कमाल किया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा बेहतरीन खिलाड़ी हैं और हमें पता था कि वे कुछ खास करेंगे, और उन्होंने फाइनल में वही किया।"
खिताबी मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 4 विकेट निकाले। पूरे टूर्नामेंट में बुमराह ने 8 मैच खेले, जिसमें 12.43 की औसत के साथ 14 विकेट हासिल किए। बुमराह की तारीफ में सूर्या ने कहा, "जसप्रीत बुमराह एक पीढ़ी में एक बार मिलने वाले गेंदबाज हैं। मैं उन्हें देश की धरोहर कह सकता हूं। उन्हें अच्छी तरह पता है कि क्या करना है और वह अपने काम में सबसे बेहतरीन हैं।"
--आईएएनएस
आरएसजी