☰
×

'यह निश्चित रूप से एक सम्मान की बात है,' भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के गोल्ड जीतने पर वीवीएस लक्ष्मण खुश

 

निशिन, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण ने शनिवार को जापान के निशिन में पुरुष क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय टीम के सफल खिताब बचाव को 'विशेष' उपलब्धि करार दिया।

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के गोल्ड मेडल जीतने के बाद लक्ष्मण ने पत्रकारों से कहा, "गोल्ड मेडल को बचाए रखना वाकई खास बात है। दो साल पहले हमने चीन में जीत हासिल की थी और अब फिर से जीते हैं। मैं खिलाड़ियों के लिए बहुत खुश हूं, क्योंकि यह निश्चित रूप से सम्मान की बात है, हमारे खिलाड़ियों के लिए कुछ अलग है। उनमें से कई ने वर्ल्ड कप जीता है, लेकिन कई ऐसे भी हैं जो पहली बार गोल्ड मेडल जीत रहे हैं। मुझे यकीन है कि यह उन सभी के लिए बहुत गर्व की बात है।"

पाकिस्तान के खिलाफ गोल्ड मेडल मैच में अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में 61 रन की पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन कूटे और वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल व शिवम दुबे के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से मात दी। भारत ने 20 ओवर में 211/6 का स्कोर बनाया और शानदार जीत हासिल की।

लक्ष्मण ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। मुझे लगता है कि हम एकजुट रहे और अच्छा खेले। जब से हम जापान आए, तब से काफी चुनौतियां थीं। टोक्यो से लेकर यहां वेन्यू तक बारिश हमारा पीछा करती रही, लेकिन कुल मिलाकर, मुझे लगता है कि टीम ने बहुत अच्छा खेला और मैं नतीजे से बहुत खुश हूं।"

इस जीत के साथ भारत ने पुरुषों के क्रिकेट में लगातार दूसरा एशियन गेम्स गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले 2023 में हांगझोऊ में भी टीम शीर्ष पर रही थी। इससे पहले, एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टीम ने भी फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था।

--आईएएनएस

आरएसजी