×

'यह फाइनल आरसीबी का है', आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले को लेकर अश्विन ने की भविष्यवाणी

 

नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। भारत के पूर्व ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अपने खिताब का बचाव करने में सफल रहेगी। उन्होंने कहा कि आरसीबी सिर्फ अपनी गलतियों की वजह से ही यह फाइनल हार सकती है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खिताबी मुकाबले में आरसीबी की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (जीटी) से रविवार को होनी है। आरसीबी ने पहले क्वालीफायर में जीटी को ही हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया है। लीग स्टेज में आरसीबी ने खेले 14 मुकाबलों में से 9 में जीत दर्ज की, जबकि 5 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा।

अश्विन ने 'जियोहॉटस्टार' के साथ बात करते हुए कहा, "जीटी अपने घरेलू मैदान पर खेल रही है और उन्होंने वहां दबदबा या इसे एक किला बना दिया है। यह कुछ ऐसा है जो वास्तव में उन्हें फाइनल में जाने के लिए अतिरिक्त जोश देगा। आरसीबी को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि वह पहले बल्लेबाजी करते हैं या फिर गेंदबाजी। यह उनका फाइनल है। वह प्रबल दावेदार के तौर पर जा रहे हैं। आरसीबी को बस पूरे सीजन की तरह ही आक्रामक क्रिकेट खेलनी चाहिए।"

पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आरसीबी का प्रदर्शन जोरदार रहा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 254 रन लगाए थे। टीम की ओर से कप्तान रजत पाटीदार ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में 93 रनों की आतिशी पारी खेली थी।

रजत ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 9 छक्के लगाए थे। वहीं, विराट कोहली ने 25 गेंदों में 43 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि क्रुणाल पांड्या ने भी 28 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया था। हालांकि, इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की पूरी टीम सिर्फ 162 रन बनाकर सिमट गई थी। टीम की ओर से राहुल तेवतिया ने सर्वाधिक 68 रन बनाए थे, जबकि शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में जैकब डफी ने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट निकाले।

--आईएएनएस

एसएम/एएस