यह एक बहुत सकारात्मक संकेत, आकाश दीप ने जायसवाल-राहुल की आक्रामक बल्लेबाजी को सराहा
वेलिंग्टन, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की आक्रामक बल्लेबाजी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में उनके तेजी से रन बनाने से विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बन गया है और मेहमान टीम को एक अच्छी शुरुआत मिली है।
शुक्रवार को बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 39 ओवर में 1 विकेट पर 159 रन बना लिए हैं। जायसवाल ने 89 गेंदों पर 85 रन बनाए, जबकि राहुल 116 गेंदों पर 52 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी 130 रनों की ओपनिंग साझेदारी ने न्यूजीलैंड के पहली पारी के 368 रनों के जवाब में भारत को एक मजबूत आधार दिया है।
दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकाश दीप ने कहा कि मौजूदा हालात और टेस्ट मैच में नतीजे की अहमियत को देखते हुए भारत का रन बनाने का रेट काफी उत्साहजनक है। आकाश ने कहा, "इतनी तेजी से रन बनाना एक बहुत सकारात्मक संकेत है। इस तरह की पिच पर अगर आप टेस्ट मैच में कोई नतीजा चाहते हैं, तो आपको तेजी से रन बनाने होंगे - जैसे हमने लगभग 35 से 40 ओवरों (39 ओवर) में करीब 150 रन बनाए हैं। यह हमारी टीम के लिए बहुत अच्छी बात है। अगर बल्लेबाज किसी भी विरोधी टीम के खिलाफ इस तरह से आक्रामक खेलें तो गेंदबाजों को बैकफुट पर आना ही पड़ता है।"
भारतीय तेज गेंदबाज को यह भी लगा कि पिच धीरे-धीरे बल्लेबाजी के लिए और बेहतर होती जा रही है, जिससे तेज गेंदबाजों को अब ज्यादा मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राथमिकता पहली पारी में एक बड़ा स्कोर खड़ा करने की होगी, ताकि बाद में मेजबान टीम पर दबाव बनाया जा सके।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि पिच धीरे-धीरे बल्लेबाजी के लिए और अनुकूल होती जा रही है, क्योंकि तेज गेंदबाजों को अब इससे ज्यादा मदद नहीं मिल रही है। इसलिए बात सीधी है। हमें बल्लेबाजी करते हुए एक अच्छा स्कोर खड़ा करना है और उसके बाद यह धैर्य का खेल बन जाएगा। फिलहाल, हमारी बल्लेबाजी अभी जारी है।"
भारत की पारी में जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 16 बाउंड्री लगाईं, जिसके बाद 28वें ओवर में मैट हेनरी ने उन्हें आउट किया। राहुल के साथ उनकी 130 रनों की साझेदारी, पिछले 17 टेस्ट मैचों में भारत की पहली शतकीय ओपनिंग पार्टनरशिप रही। इससे पहले, नवंबर 2024 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी इन्हीं दोनों खिलाड़ियों ने 201 रनों की साझेदारी की थी।
न्यूजीलैंड में अपना पहला टेस्ट खेल रहे राहुल ने एक छोर संभाले रखा और अपने टेस्ट करियर का 22वां अर्धशतक पूरा किया। दिन का खेल खत्म होने तक राहुल 52 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर खेल रहे थे। इससे पहले न्यूजीलैंड ने 243/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। हेनरी निकोल्स ने नाबाद 175 रनों की पारी खेलकर टीम को 368 रनों तक पहुंचाया। ग्लेन फिलिप्स ने भी 118 रनों का योगदान दिया, जिन्हें आकाश दीप ने बोल्ड करके इस पारी में अपना तीसरा विकेट हासिल किया।
लंच के बाद भारत ने शानदार वापसी की और 51 रन देकर चार विकेट चटकाए, जिससे न्यूजीलैंड की पारी पर लगाम लगा। जसप्रीत बुमराह ने 92 रन देकर 4 विकेट लिए। आकाश दीप ने 53 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि आखिरी विकेट अंशुल कंबोज के खाते में गया। दिन का खेल खत्म होने तक भारत न्यूजीलैंड से 209 रन पीछे है और उसके 9 विकेट अभी सुरक्षित हैं। आखिरी सेशन में बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर भारत अब एक मजबूत स्थिति में पहुंच गया है।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी