×

डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल: जीत के बावजूद आठवें स्थान पर बरकरार वेस्टइंडीज, पाकिस्तान की हालत खस्ता

 

नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 90 रनों से हराया। हालांकि, इस जीत के बावजूद कैरेबियाई टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की प्वाइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर ही बरकरार है।

वेस्टइंडीज ने डब्ल्यूटीसी की इस साइकिल में अब तक कुल 11 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 2 मैचों में जीत मिली है, जबकि 7 मुकाबलों में कैरेबियाई टीम को हार का सामना करना पड़ा है। वेस्टइंडीज का जीत प्रतिशत 22.73 हो गया है। वहीं, पाकिस्तान की यह पांचवें मैच में चौथी हार है। पाकिस्तान का जीत प्रतिशत महज 6.67 है। पाकिस्तान प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर मौजूद है।

8 टेस्ट मैचों में 7 मुकाबले जीतकर ऑस्ट्रेलिया डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर बरकरार है। टीम का जीत प्रतिशत 87.50 है। वहीं, साउथ अफ्रीका 4 टेस्ट में 3 जीत के साथ टेबल में दूसरे नंबर पर काबिज है। प्रोटियाज टीम का जीत प्रतिशत 75 है। न्यूजीलैंड 6 मैचों में 4 जीत और एक हार के साथ प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है। बांग्लादेश 58.33 जीत प्रतिशत के साथ चौथे नंबर पर मौजूद है, जबकि भारतीय टीम 9 मैचों में 4 जीत और 48.15 के जीत प्रतिशत के साथ पांचवें नंबर पर मौजूद है।

वेस्टइंडीज से मिले 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 120 रन बनाकर सिमट गई। पाकिस्तान के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार करने में नाकाम रहे। टीम की तरफ से कप्तान बाबर आजम ने सर्वाधिक 58 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।

कैरेबियाई टीम की ओर से गेंदबाजी में जयडेन सील्स ने 20 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वहीं, केमार रोच और जस्टिन ग्रीव्स ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की पूरी टीम 181 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी। पहली इनिंग में वेस्टइंडीज ने 311 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 282 रन बनाए थे। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम