☰
×

WPL 2027: मुंबई इंडियंस से खेलेंगी तारा नॉरिस, 10 लाख रुपये में यूपी वॉरियर्स से हुआ ट्रेड

 

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में अपने डेब्यू मैच में पांच विकेट लेकर सुर्खियां बटोरने वाली अमेरिकी तेज गेंदबाज तारा नॉरिस अब मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आएंगी। मुंबई ने WPL 2027 से पहले यूपी वॉरियर्स के साथ ट्रेड के जरिए उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है। यह सौदा 10 लाख रुपये में हुआ है।

यह पूरी तरह कैश ट्रेड है। यानी मुंबई इंडियंस ने तारा नॉरिस के बदले यूपी वॉरियर्स को कोई खिलाड़ी नहीं दिया। यूपी ने भी 2026 सीजन से पहले नॉरिस को इसी कीमत पर टीम में शामिल किया था।

डेब्यू मैच में पांच विकेट लेकर बनाया था रिकॉर्ड

तारा नॉरिस ने 5 मार्च 2023 को दिल्ली कैपिटल्स की ओर से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ WPL में पदार्पण किया था। अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर पांच विकेट हासिल किए।

इस प्रदर्शन के साथ वह WPL की एक पारी में पांच विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बनीं। इसके अलावा, वह इस लीग में खेलने वाली एसोसिएट देश की पहली खिलाड़ी भी थीं।

नॉरिस ने WPL के पहले सीजन में पांच मैच खेले और सात विकेट लिए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 12.71 और इकॉनमी रेट 8.09 रहा। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 2024 सीजन से पहले रिलीज कर दिया था।

यूपी वॉरियर्स के लिए नहीं खेल सकीं एक भी मैच

यूपी वॉरियर्स ने तारा नॉरिस को 2026 सीजन के लिए अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन अमेरिका की टीम के साथ टी-20 विश्व कप क्वालीफायर में व्यस्त होने के कारण वह उस सीजन में कोई मैच नहीं खेल सकीं।

मुंबई इंडियंस के साथ उनका जुड़ाव पहली बार नहीं है। नॉरिस इंग्लैंड की द हंड्रेड प्रतियोगिता में MI लंदन की टीम का हिस्सा भी रह चुकी हैं। अब उन्हें WPL में मुंबई की ओर से खेलने का अवसर मिलेगा।

28 अक्टूबर को होगी मिनी नीलामी

WPL 2027 की मिनी नीलामी 28 अक्टूबर को कोच्चि में प्रस्तावित है। तारा नॉरिस के ट्रेड के बाद मुंबई इंडियंस के पास 90 लाख रुपये का पर्स बचने की जानकारी सामने आई है। इस राशि से टीम अधिकतम छह खिलाड़ी खरीद सकेगी।

वहीं, यूपी वॉरियर्स के पास 3.75 करोड़ रुपये उपलब्ध होंगे और वह अधिकतम आठ खिलाड़ियों को खरीद सकेगी। इनमें तीन विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।

तारा नॉरिस के मुंबई इंडियंस में आने से टीम को तेज गेंदबाजी के विकल्प में एक और खिलाड़ी मिल गई है। अब सभी की नजरें आगामी नीलामी और WPL 2027 में उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।