विमेंस सब-जूनियर हॉकी: दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तराखंड ने पहले दिन जीते अपने मुकाबले
रांची, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर विमेंस नेशनल चैंपियनशिप 2026 के पहले दिन दिल्ली, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव, चंडीगढ़, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
बुधवार को झारखंड के रांची में पूल ए के डिवीजन ‘बी’ में, कप्तान दीपिका (59’) और भावना (60’) के आखिरी मिनटों में किए गए गोलों की मदद से दिल्ली हॉकी ने हॉकी बंगाल के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की।
पूल ए के डिवीजन 'बी' के एक अन्य मुकाबले में, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव हॉकी ने असम हॉकी को 4-3 से हराया। जीतने वाली टीम के लिए, श्रद्धा वर्मा (3’), अर्पिता मौर्य (7’), मानसी यादव (12’) और अनुष्का गुप्ता (30’) ने एक-एक गोल किया। असम हॉकी के लिए भूमिका देवी (28’), चयनिका कलिता (35’) और ज्योशना एक्का (57’) ने गोल दागे।
डिवीजन 'बी', पूल बी के एक मैच में, हॉकी उत्तराखंड ने हॉकी हिमाचल को 6-3 से हराया। विजेता टीम के लिए करीना ने हैट्रिक (34’, 45’, 52’) लगाई। देवयानी जोशी ने दो गोल (25’, 32’) किए और कटारिया गुनगुन (20’) ने एक गोल दागा। हिमाचल के लिए एकमप्रीत कौर (23’, 41’) और शानवी शर्मा (43’) ने गोल किए।
डिवीजन 'बी', पूल बी के एक अन्य मैच में, कप्तान आंचल (13’) और काफी (60’) के गोलों की मदद से हॉकी चंडीगढ़ ने हॉकी कर्नाटक को 2-1 से हराया। कर्नाटक के लिए एकमात्र गोल मदिवालप्पा बसम्मा ने किया।
डिवीजन 'सी', पूल बी के एक मुकाबले में, हॉकी जम्मू और कश्मीर ने एक करीबी मुकाबले में ले पुडुचेरी हॉकी को 3-2 से मात दी। अक्षरा दत्ता (8’, 44’) ने दो गोल किए, और मौकी (4’) ने विजेता टीम के लिए एक गोल दागा। ले पुडुचेरी की तरफ से गिराका ज्ञानेश्वरी (15’) और बोया श्रुति (39’) ने एक-एक गोल किए।
यह टूर्नामेंट 12 अप्रैल तक चलेगा और इसे प्रतिस्पर्धी डिवीजन-आधारित फॉर्मेट में खेला जाएगा। कुल 29 टीमें डिवीन 'ए', डिवीजन 'बी’, और डिवीजन 'सी' में मुकाबला करेंगी, जिसमें प्रमोशन और रेलिगेशन से प्रतियोगिता और भी रोमांचक हो जाएगी। जहां डिवीजन 'ए' की टीमें चैंपियनशिप खिताब के लिए भिड़ेंगी, वहीं डिवीजन 'बी' और 'सी' की शीर्ष दो टीमें प्रमोशन हासिल करेंगी। इस बीच, डिवीजन 'ए' और 'बी' की सबसे नीचे की दो टीमों को अगले संस्करण के लिए रेलिगेशन का सामना करना पड़ेगा।
डिवीज़न 'ए' में 12 टीमें हैं जिन्हें चार पूल में बांटा गया है। नॉकआउट चरण 9 अप्रैल से शुरू होंगे और 12 अप्रैल को फाइनल के साथ समाप्त होंगे। मेजबान टीम, हॉकी झारखंड, पूल ए की अगुवाई करेगी और उसके साथ बिहार (बीएसएसए) और हॉकी महाराष्ट्र भी होंगे। पूल बी में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, हॉकी पंजाब, और हॉकी आंध्र प्रदेश शामिल हैं। पूल सी में हॉकी हरियाणा, हॉकी मध्य प्रदेश, और मणिपुर हॉकी मुकाबला करेंगे, जबकि पूल डी में हॉकी मिजोरम, उत्तर प्रदेश हॉकी और छत्तीसगढ़ हॉकी शामिल हैं।
रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे इन मुकाबलों में सभी डिवीजन में, टीमों को जीत के लिए 3 अंक, ड्रॉ के लिए 1 अंक, और हार के लिए 0 अंक मिलेंगे। डिवीजन ‘ए’ में, टाई हुए नॉकआउट मैचों का फैसला एफआईएच के नियमों के अनुसार शूट-आउट के जरिए किया जाएगा।
--आईएएनएस
आरस आरएसजी