'वह मास्टरमाइंड हैं और गेम को बहुत अच्छे से समझते हैं', सुदर्शन ने गिल की काबिलियत को सराहा
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस (जीटी) की ओर से खेलते हुए साई सुदर्शन और शुभमन गिल का प्रदर्शन कमाल का रहा है। जीटी की इस सलामी जोड़ी ने इस सीजन भी अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया है। इस बीच, सुदर्शन ने अपने जोड़ीदार और कप्तान गिल की जमकर तारीफ की है।
सुदर्शन का कहना है कि शुभमन गिल मास्टरमाइंड हैं और वह गेम की परिस्थितियों को बहुत अच्छे से समझते हैं।
सुदर्शन ने जियोहॉटस्टार संग बात करते हुए कहा, "शुभमन एक मास्टरमाइंड हैं। वह गेम को बहुत अच्छे से समझते हैं और तकनीकी रूप से बहुत मजबूत हैं। इससे आपको जो चाहे करने की आजादी मिलती है क्योंकि आप जानते हैं कि शुभमन दूसरे छोर पर हैं। मुझे लगता है कि इसका उल्टा भी होता है। जब गिल गेंदबाजों पर हमला करने की कोशिश करता है, तो उन्हें पता होता है कि मैं वहां हूं और पारी को संभाल सकता हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे को बहुत अच्छे से समझते हैं। हमारे बीच बहुत अच्छा रिश्ता है, हम एक-दूसरे के खेल को बहुत अच्छे से जानते हैं, और उसी हिसाब से बारी-बारी से खेलते हैं।"
सुदर्शन ने आईपीएल में 50 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में क्रिस गेल के रिकॉर्ड को तोड़ने को लेकर कहा, "जब कोई रिकॉर्ड टूटता है, तो जाहिर है यह बहुत अच्छा लगता है और एक बड़ी उपलब्धि हासिल होती है, क्योंकि इससे यह पक्का होता है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मुझे लगता है कि वे उपलब्धि और तारीफें मुझे खुद पर ज्यादा भरोसा करने, अपनी काबिलियत पर ज्यादा विश्वास करने और उसी रास्ते पर आगे बढ़ते रहने में मदद करती हैं।"
आईपीएल 2026 में सुदर्शन का प्रदर्शन शानदार रहा है। वह इस सीजन अब तक खेले 13 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 554 रन बना चुके हैं। सुदर्शन के बल्ले से इस सीजन एक शतक और 6 अर्धशतक निकल चुके हैं। वह सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में फिलहाल चौथे नंबर पर काबिज हैं। वहीं, शुभमन गिल 12 मुकाबलों में 160 के स्ट्राइक रेट से 552 रन बना चुके हैं।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम