वो शीर्ष खिलाड़ी, जिनके नाम आईपीएल पारी में सर्वाधिक छक्के
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बल्लेबाजों ने बाउंड्री की बरसात के साथ कई अनूठे रिकॉर्ड्स बनाए हैं। आइए, उन बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जिनके नाम पर आईपीएल पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड है।
क्रिस गेल (17 छक्के): वेस्टइंडीज के इस दिग्गज खिलाड़ी ने 23 अप्रैल 2013 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 66 गेंदों में 17 छक्कों और 13 चौकों के साथ नाबाद 175 रन बनाए। उनकी इस पारी के दम पर आरसीबी ने मैच 130 रन से अपने नाम किया था।
ब्रैंडन मैक्कुलम (13 छक्के): 18 अप्रैल 2008 को जब आईपीएल इतिहास का सबसे पहला मैच खेला गया, तो मैक्कुलम की तूफानी पारी ने इसे यादगार बना दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की तरफ से खेलते हुए मैक्कुलम ने 73 गेंदों में नाबाद 158 रन बनाए। उनकी इस पारी में 13 छक्के और 10 चौके शामिल थे। मैक्कुलम की तूफानी पारी के दम पर केकेआर ने 3 विकेट खोकर 222 रन बनाए। इसके जवाब में आरसीबी सिर्फ 82 रन पर सिमट गई। केकेआर ने मैच 140 रन से अपने नाम किया था।
क्रिस गेल (13 छक्के): इस दिग्गज बल्लेबाज ने 17 मई 2012 को आरसीबी की ओर से खेलते हुए दिल्ली डेयरडेविल्स के विरुद्ध 62 गेंदों में नाबाद 128 रन बनाए। उनकी इस पारी में 13 छक्के और 7 चौके शामिल थे। आरसीबी ने 1 विकेट खोकर 215 रन बनाए, जिसके जवाब में दिल्ली 194/9 के स्कोर तक पहुंची, लेकिन आखिरकार आरसीबी ने 21 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
क्रिस गेल (12 छक्के): आरसीबी के इस सलामी बल्लेबाज ने 6 मई 2015 को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 57 गेंदों में 12 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 117 रन बनाए। उनकी इस पारी के साथ आरसीबी ने 226/3 का स्कोर खड़ा किया और पंजाब को 13.4 ओवरों में महज 88 रन पर समेटकर मुकाबला 138 रन से जीत लिया।
एबी डिविलियर्स (12 छक्के): 14 मई 2016 को खेले गए इस मैच में आरसीबी की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे डिविलियर्स ने 52 गेंदों में 12 छक्कों और 10 चौकों के साथ नाबाद 129 रन बनाए। उनकी इस पारी के दम पर टीम ने 248/3 का स्कोर खड़ा किया और गुजरात लायंस को महज 104 रन पर समेटकर मैच 144 रन से जीता।
--आईएएनएस
आरएसजी