×

जब 127 किलो के क्रिकेटर ने उड़कर पकड़ा था हैरतअंगेज कैच, रातोंरात स्टार बने ड्वेन लेवरॉक आज जी रहे ऐसी जिंदगी 

 

भले ही 2007 का वनडे वर्ल्ड कप भारतीय टीम के लिए निराशाजनक रहा, लेकिन बरमूडा के क्रिकेटर ड्वेन लेवरॉक ने एक शानदार कैच से दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। 19 मार्च 2007 को भारत के खिलाफ एक मैच में, लेवरॉक ने स्लिप में डाइव लगाकर रॉबिन उथप्पा का एक हाथ से कैच पकड़ा। उस कैच को आज भी वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बेहतरीन कैच माना जाता है। लगभग 127 किलोग्राम वज़न वाले लेवरॉक उस समय इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे भारी खिलाड़ियों में से एक थे, फिर भी उनकी फुर्ती ने सभी को हैरान कर दिया। 14 जुलाई 1971 को बरमूडा में जन्मे लेवरॉक आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं।

उस कैच के बाद कमेंटेटर डेविड लॉयड की मशहूर लाइन - "द बिग मैन, द फ्रिज हैज़ ओपन्ड" (बड़ा आदमी, फ्रिज खुल गया है) - क्रिकेट फैंस को आज भी याद है। कैच लेने के बाद लेवरॉक के जोश भरे जश्न की भी खूब चर्चा हुई, जिससे वे रातों-रात सुर्खियों में आ गए। भारत के खिलाफ उसी मैच में लेवरॉक ने युवराज सिंह का विकेट भी लिया, हालांकि उन्होंने अपने 10 ओवरों में 96 रन दिए। भारत ने यह मैच 257 रनों से जीता, लेकिन टीम इंडिया ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई, जबकि श्रीलंका और बांग्लादेश सुपर-8 में पहुंच गए।

ड्वेन लेवरॉक ने बरमूडा के लिए 32 वनडे मैचों में 34 विकेट लिए। उन्होंने दो T20 इंटरनेशनल मैच भी खेले, हालांकि उस फॉर्मेट में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। अपने खेलने के दिनों में, उनके साथी खिलाड़ी उन्हें 'स्लगो' (Sluggo) कहकर बुलाते थे।

ड्वेन लेवरॉक अब कहां हैं?

अप्रैल 2009 में क्रिकेट से रिटायर होने के बाद, ड्वेन लेवरॉक बरमूडा में जेल अधिकारी के तौर पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा, वे कभी-कभी पार्ट-टाइम क्रिकेट कमेंट्री भी करते हैं। आज भी उन्हें बरमूडा में एक लोकप्रिय स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी के तौर पर जाना जाता है।