☰
×

विजय दहिया बने दिल्ली की सीनियर पुरुष टीम के हेड कोच, केपी भास्कर को मिली मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी

 

नई दिल्ली, 25 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज विजय दहिया को 2026/27 घरेलू सीजन के लिए एक बार फिर दिल्ली की सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है।

भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के बचपन के कोच और द्रोणाचार्य अवॉर्ड विजेता राजकुमार शर्मा को 'स्टेट मेंटर' नियुक्त किया गया है। वहीं, सुनीता शर्मा को महिला टीमों के लिए इसी जिम्मेदारी की भूमिका सौंपी गई है। दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) द्वारा शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पुरुष और महिला टीमों की चयन समिति और कोचों के बारे में ये फैसले क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) द्वारा सभी सिफारिशें सौंपे जाने के बाद लिए गए।

आईपीएल 2022 की विजेता टीम गुजरात टाइटंस के साथ सहायक कोच रहे दहिया ने दिल्ली को 2007/08 में रणजी ट्रॉफी जिताई थी और 2012/13, 2014/15 और 2015/16 सीजन में भी इसी भूमिका में काम किया था। भारत के लिए दो टेस्ट और 10 वनडे मैच खेलने वाले दहिया अब पूर्व भारतीय ऑफ-स्पिनर और चयनकर्ता सरनदीप सिंह की जगह लेंगे, जो पिछले दो सीजन से इस भूमिका में थे और अब सीएसी का हिस्सा हैं।

दहिया के साथ सहायक कोच के तौर पर क्षितिज शर्मा और कुलदीप रावत होंगे, जबकि संजीव शर्मा और भारत के पूर्व तेज गेंदबाज परविंदर अवाना बॉलिंग कोच के तौर पर काम करेंगे। दिल्ली अपनी रणजी ट्रॉफी की शुरुआत 11 अक्टूबर को कल्याणी में बंगाल के खिलाफ करेगी। दिल्ली के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी केपी भास्कर और भारत की पूर्व खिलाड़ी रीमा मल्होत्रा ​​को क्रमशः सीनियर पुरुष और सीनियर महिला चयन पैनल का प्रमुख नियुक्त किया गया है।

भास्कर तीन सदस्यीय समिति की अध्यक्षता करेंगे जिसमें मनु नायर और प्रवीण गुप्ता शामिल होंगे, जबकि रीमा के साथ स्वर्ण चड्ढा और रानी ओझा होंगी। अलग-अलग उम्र के ग्रुप में दिल्ली के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन बिष्ट पुरुषों की अंडर-23 टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे और मोहन चतुर्वेदी व राजिंदर सिंह चावला उनकी मदद करेंगे।

राजीव नैयर पुरुषों की अंडर-19 कोचिंग टीम की अगुवाई करेंगे, जबकि राजू शर्मा और अभिषेक मनकोटिया को क्रमशः पुरुषों की अंडर-16 और अंडर-14 टीमों का मुख्य कोच बनाया गया है। महिलाओं की टीमों के लिए भारत की पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी लतिका कुमारी को महिला अंडर-23 टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। दीप्ति ध्यानी सीनियर महिला टीम की मुख्य कोच बनी रहेंगी, जबकि सॉनेट क्लब के कोच देवेंद्र शर्मा महिला अंडर-19 चयनकर्ता के पद पर बने रहेंगे।

डीडीसीए ने एक 'हाई परफॉर्मेंस ग्रुप' का भी ऐलान किया है, जिसमें भारत के पूर्व बल्लेबाज गुरशरण सिंह और बंटू सिंह को क्रमशः पुरुषों और महिलाओं के प्रोग्राम के लिए मुख्य बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। तिलक राज शर्मा और वी. अरविंद हाई परफॉर्मेंस डिवीजन में बॉलिंग विभाग की देखरेख करेंगे।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम