×

वैभव-तिलक की आतिशी पारी, श्रीलंका ए के खिलाफ भारत ए ने 9 विकेट खोकर बनाए 377 रन

 

दांबुला, 21 जून (आईएएनएस)। भारत ए और श्रीलंका ए के बीच ट्राई सीरीज का फाइनल मुकाबला रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 377 रन लगाए। भारतीय टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी पारी खेली।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 8.5 ओवर में 132 रन जोड़े। प्रियांश ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाए। वहीं, वैभव ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए लिस्ट एक क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाया। वैभव ने सिर्फ 11 गेंदों में अपने पचास रन पूरे किए। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 324 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 94 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए।

वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 51 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान तिलक वर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 90 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली। तिलक और ऋतुराज ने तीसरे विकेट के लिए 106 गेंदों में 84 रनों की अहम साझेदारी निभाई।

तिलक ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 4 चौके और एक छक्का लगाया। कुमार कुशाग्र ने 39 गेंदों का सामना करते हुए 36 रन बनाए। सूर्यांश शेडगे बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 2 रन बनाकर आउट हुए। निशांत सिंधु 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे, तो विपराज निगम ने 27 रनों का योगदान दिया।

अंत के ओवरों में अनुकूल रॉय ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में 39 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। अनुकूल ने 260 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए अपनी इस पारी में एक चौका और 4 छक्के लगाए। वहीं, यश ठाकुर 2 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में श्रीलंका की ओर से कुगाथास मथुलन, वानूजा साहन और रविन्दु फर्नांडो ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, मोहम्मद शिराज ने एक विकेट निकाला।

--आईएएनएस

एसएम/एएस