×

इयोन मोर्गन ने प्रियाश आर्या की निडर बल्लेबाजी को सराहा, कहा-वह पीबीकेएस टीम का अहम हिस्सा

 

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन ने रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य की जमकर तारीफ की है। उन्होंने प्रियांश को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) टीम के सेटअप का एक अहम हिस्सा बताया है।

पंजाब किंग्स लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 54 रनों की शानदार जीत के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है। एलएसजी के खिलाफ खेले गए मुकाबले में प्रियांश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 37 गेंदों में 93 रनों की दमदार पारी खेली। प्रियांश ने अपनी पारी में 4 चौके और 9 छक्के लगाए।

उन्होंने दूसरे विकेट के लिए कूपर कोनोली के साथ मिलकर 80 गेंदों में 182 रनों की साझेदारी निभाई, जिसके दम पर पंजाब किंग्स ने इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 254 रन बनाए। 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी की टीम 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 200 रन ही बना सकी।

मॉर्गन ने 'जियोस्टार' पर कहा, “पंजाब किंग्स बहुत मजबूत स्थिति में पहुंच गए हैं, जहां वे अब हर बार अच्छा करने के लिए सिर्फ अपने कप्तान या किसी सुपरस्टार पर निर्भर नहीं हैं। वे खेल में इतने आगे थे कि व्यक्तिगत योगदान लगभग द्वितीयक हो गया है। पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी में इतनी गहराई है कि वे आसानी से 230-240 रन बना लेते हैं। इससे श्रेयस अय्यर जैसे मुख्य खिलाड़ियों पर दबाव कम आता है। बल्लेबाजी क्रम जब अच्छा खेल रहा होता है, तो इससे टीम और मजबूत होती है।"

प्रियांश आर्य की निडर बैटिंग अप्रोच पर मॉर्गन ने कहा, “यह एक साफ और कॉन्फिडेंट माइंडसेट दिखाता है। वह एक पारदर्शी विचारक के तौर पर सामने आते हैं जो समय के साथ अपने मौकों का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठा रहे हैं। यह सिर्फ थोड़े समय की अच्छी फॉर्म नहीं है, बल्कि टीम की लंबी योजना का हिस्सा है। प्रियांश आर्य बेशक पंजाब किंग्स टीम का एक अहम हिस्सा हैं।”

कूपर कोनोली की बैटिंग पर मॉर्गन ने कहा, “वह सिर्फ 22 साल के हैं। पंजाब किंग्स जैसे माहौल में जब कोई युवा खिलाड़ी आता है, तो सबसे बड़ी बात यह होती है कि इससे उनका खुद का कद कितना बढ़ जाता है। वह शुरू में थोड़े असहज दिखाई दिए थे। हालांकि, एक बार क्रीज पर सेट होने के बाद उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम