यूपी वॉरियर्स ने भारत की पूर्व सिलेक्टर नीतू डेविड को बनाया स्काउटिंग हेड
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की पूर्व स्पिनर और महिला वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाली टीम की सिलेक्टर रहीं नीतू डेविड को यूपी वॉरियर्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 सीजन से पहले स्काउटिंग हेड नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को इस बात की घोषणा की है।
नीतू पिछले हफ्ते बेंगलुरु के साई कृष्णन ग्राउंड्स में घरेलू खिलाड़ियों के लिए आयोजित ऑफ-सीजन कैंप में हेड कोच अभिषेक नायर की अगुवाई वाली सपोर्ट स्टाफ टीम में शामिल हुई थीं। डब्ल्यूपीएल में लगातार खराब प्रदर्शन के बाद टीम अपनी टैलेंट पहचानने की प्रक्रिया में बदलाव करना चाहती है। यूपी वॉरियर्स के सपोर्ट स्टाफ में फील्डिंग कोच सौरभ बांडेकर और मेंटर लिसा स्थालेकर भी शामिल हैं।
फ्रेंचाइजी ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारत की वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम की सिलेक्टर को अपना स्काउटिंग हेड बनाकर हम बहुत उत्साहित हैं। यूपी वॉरियर्स में आपका स्वागत है, नीतू डेविड।" भारत की बेहतरीन स्लो लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनरों में से एक मानी जाने वालीं नीतू, भारतीय महिला चयन समिति की चेयरपर्सन के तौर पर काम कर चुकी हैं। उनके पास प्रशासनिक और टैलेंट पहचानने का काफी अनुभव है, जो फ्रेंचाइजी के काम आएगा।
अपनी नई भूमिका में नीतू उभरते हुए घरेलू टैलेंट को खोजने का काम करेंगी ताकि उस फ्रेंचाइजी को मजबूत किया जा सके जो टूर्नामेंट के पहले चार सीजन में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में संघर्ष करती रही है। यूपी वॉरियर्स लीग के छोटे से इतिहास में सबसे ज्यादा संघर्ष करने वाली टीम रही है। कुल 33 मुकाबलों में टीम को सिर्फ 12 मैचों में जीत नसीब हो सकी है। 2023 में हुए पहले सीजन में प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने के बाद, फ्रेंचाइजी अगले तीन सीजन में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। 2024 में टीम चौथे स्थान पर रही, जबकि 2025 व 2026 दोनों में प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही।
1995 से 2008 तक चले अपने शानदार 13 साल के इंटरनेशनल करियर में नीतू डेविड ने भारत के लिए 10 टेस्ट और 97 वनडे खेले और दोनों फॉर्मेट में कुल 182 इंटरनेशनल विकेट लिए। उन्हें 1995 में जमशेदपुर में वेस्टइंडीज के खिलाफ महिला टेस्ट मैच में 53 रन देकर 8 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के लिए भी याद किया जाता है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी