श्रीलंका में क्रिकेट कोच की दर्दनाक मौत! मैच के दौरान खिलाड़ियों से हुआ विवाद, 17 वर्षीय खिलाड़ी गिरफ्तार
श्रीलंका में एक क्रिकेट कोच की हत्या कर दी गई। कोलंबो के एक क्रिकेट क्लब के कोच सुमित फर्नांडो का अपने ही खिलाड़ियों से झगड़ा हुआ और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई। 62 साल के इस कोच ने कई खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दी थी, जिनमें श्रीलंका के वनडे कप्तान कुसल मेंडिस भी शामिल हैं। मोरातुवा के प्रिंस ऑफ वेल्स कॉलेज के पूर्व कोच फर्नांडो 8 अगस्त को ब्लूमफील्ड क्रिकेट एंड एथलेटिक क्लब में थे, तभी पानी को लेकर खिलाड़ियों से उनकी बहस हो गई। खिलाड़ियों ने उनके साथ बदसलूकी की और कथित तौर पर उन पर हमला किया; बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उनकी मौत हो गई। गुरुवार को कोच का अंतिम संस्कार किया गया।
**आरोपी क्रिकेटर गिरफ्तार**
सोमवार को पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में 17 साल के एक क्रिकेटर को गिरफ्तार किया। 11 अगस्त को कोलंबो मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किए जाने के बाद, लड़के को 17 अगस्त तक प्रोबेशन और चाइल्ड केयर सर्विस डिपार्टमेंट की देखरेख में रखने का आदेश दिया गया। पुलिस की जांच के अनुसार, ब्लूमफील्ड क्लब में ट्रेनिंग कर रहे क्रिकेटरों का एक ग्रुप पानी पीने गया, लेकिन नल में पानी नहीं था। खिलाड़ियों और क्लब के कोच सुमित फर्नांडो के बीच बहस हो गई। पुलिस ने बताया कि हाथापाई के दौरान फर्नांडो ने कथित तौर पर एक खिलाड़ी पर हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में 17 साल के खिलाड़ी ने उन्हें मारा; बाद में अस्पताल में कोच की मौत हो गई।
**जांच जारी**
कोच की मौत की जांच चल रही है। मेडिकल रिकॉर्ड से पता चलता है कि फर्नांडो को पहले से ही दिल की बीमारी थी। अधिकारियों ने उनके शव की जांच की है और रिपोर्ट का इंतजार है। गौरतलब है कि भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले ऐसी खबर सामने आई है। पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा।