तेज रफ्तार से बल्लेबाजों को छकाने में माहिर कार्तिक त्यागी, जो बन सकते हैं बुमराह-शमी का विकल्प
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। महज 25 वर्षीय कार्तिक त्यागी ने लगातार 145-150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने की क्षमता से सभी को प्रभावित किया है। आईपीएल में अपनी धारदार गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले दाएं हाथ के गेंदबाज नई गेंद के साथ और डेथ ओवर्स में उपयोगी विकल्प हैं। नई गेंद और पुरानी गेंद से गेंद को दोनों दिशाओं में स्विंग कराने की क्षमता उन्हें खास बनाती है।
आईपीएल 2026 में विकेट लेने की क्षमता और बेहतर नियंत्रण का प्रदर्शन करते हुए कार्तिक ने सभी का ध्यान खींचा है। इस सीजन कार्तिक ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की तरफ से 14 मुकाबलों में 27.66 की औसत के साथ 18 विकेट अपने नाम किए।
पिंडली के दर्द और बार-बार मांसपेशियों की समस्याओं के चलते कार्तिक को साल 2021 से 2025 के बीच कई बार मैदान से बाहर रहना पड़ा है, लेकिन चोटों से उबरने के बाद उन्होंने अपनी गेंदबाजी में काफी सुधार किया।
कार्तिक त्यागी 4 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 34.42 की औसत के साथ 7 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि 20 लिस्ट-ए मुकाबलों में 27.05 के साथ 34 विकेट निकाले हैं। वहीं, 50 टी20 मुकाबलों में इस युवा गेंदबाज के नाम 47 विकेट हैं। आईपीएल में कार्तिक ने 34 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 33 विकेट निकाले।
अगर सीमित ओवरों की टीम की बात करें तो कार्तिक को मौका दिया जा सकता है। हालांकि, कार्तिक त्यागी को टीम इंडिया में सीधे किसी स्थापित गेंदबाज की जगह शामिल नहीं किया जा सकता, लेकिन स्क्वाड में अतिरिक्त तेज गेंदबाज के रूप में जरूर जोड़ा जा सकता है। भारतीय टीम को जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के बाद तेज गेंदबाजी में अतिरिक्त आक्रामक विकल्प की जरूरत है। ऐसे में कार्तिक त्यागी को टीम में शामिल किया जा सकता है। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा या हर्षित राणा के साथ रोटेशन के तौर पर भी आजमाया जा सकता है।
--आईएएनएस
आरएसजी