×

तेलंगाना सरकार बड़े पैमाने पर 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026' आयोजित करेगी

 

हैदराबाद, 11 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार प्रतिष्ठित 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026' का आयोजन बड़े पैमाने पर करेगी। मुख्यमंत्री ने एमसीआरएचआरडी कैंपस में स्थित बोधि पवेलियन में खेल मंत्री वाकिती श्रीहरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खेलों के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बुनियादी ढांचा विकसित करने का निर्देश दिया, जिसमें विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

अधिकारियों को हैदराबाद के स्टेडियमों की मौजूदा स्थिति का आकलन करने और खेल आयोजनों की जरूरतों के हिसाब से उन्हें स्थायी रूप से अपग्रेड करने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

यह दोहराते हुए कि सरकार पर्याप्त फंड देने के लिए तैयार है, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को उद्घाटन और समापन समारोहों में मुख्य अतिथियों, मशहूर खिलाड़ियों और फिल्मी हस्तियों को शामिल करने के लिए तुरंत तैयारी शुरू करने का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने इंफ्रास्ट्रक्चर, इवेंट मैनेजमेंट और मेहमानों की सुविधाओं से जुड़ी खास जिम्मेदारियां अधिकारियों को सौंपने की जरूरत पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक में तेलंगाना के अर्जुन अवार्डी खिलाड़ियों, तेलंगाना स्पोर्ट्स हब बोर्ड के सदस्यों, ओलंपिक एसोसिएशन और राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतिनिधियों की भूमिका और सक्रिय भागीदारी पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि इसके लिए योजनाएं काफी पहले तैयार कर ली जानी चाहिए।

'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' में 20 खेल विधाओं में होने वाली प्रतियोगिताओं को देखते हुए, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर खेल आयोजन के लिए वेन्यू तय करने और जरूरी इंतजाम करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि हर आयोजन इस तरह से किया जाना चाहिए जो खेल भावना की सच्ची झलक पेश करे।

समीक्षा बैठक में सरकार के सलाहकार रामकृष्ण राव, तेलंगाना स्पोर्ट्स अथॉरिटी (एसएटीजी) के चेयरमैन शिवसेना रेड्डी, स्पेशल चीफ सेक्रेटरी (खेल) जयेश रंजन और एसएटीजी की एमडी सोनी बाला देवी शामिल हुईं।

--आईएएनएस

आरएसजी