Team India World Cup 2027: ऑस्ट्रेलिया से शुरुआत, पाकिस्तान से 10 अक्टूबर को टक्कर; देखें पूरा शेड्यूल
2027 वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के मुकाबलों का पूरा कार्यक्रम सामने आ गया है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले टूर्नामेंट में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज के दौरान कुल 5 मुकाबले खेलेगी। भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका सामना ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और एक क्वालीफायर टीम से होगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मुकाबला
टीम इंडिया वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर 2027 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला केपटाउन में खेला जाएगा।
इसके बाद भारतीय टीम का सबसे चर्चित मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ होगा। भारत और पाकिस्तान की टीमें 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग में आमने-सामने होंगी।
भारत के ग्रुप स्टेज के सभी मैच
टीम इंडिया के ग्रुप स्टेज के मुकाबलों का कार्यक्रम इस प्रकार है:
• 7 अक्टूबर 2027: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — केपटाउन
• 10 अक्टूबर 2027: भारत बनाम पाकिस्तान — जोहान्सबर्ग
• 14 अक्टूबर 2027: भारत बनाम अफगानिस्तान — त्श्वाने
• 17 अक्टूबर 2027: भारत बनाम क्वालीफायर — ब्लोमफोंटेन
• 24 अक्टूबर 2027: जिम्बाब्वे बनाम भारत — विक्टोरिया फॉल्स
ग्रुप स्टेज में इन पांच मुकाबलों के बाद भारतीय टीम की आगे की स्थिति उसके प्रदर्शन और ग्रुप के नतीजों पर निर्भर करेगी।
सुपर-7 में पहुंची तो 6 मैच
भारत को सुपर-7 चरण के लिए A1 सीड दिया गया है। अगर टीम इंडिया इस चरण में पहुंचती है, तो उसके मुकाबले 28 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 4 नवंबर, 7 नवंबर, 11 नवंबर और 14 नवंबर 2027 को होंगे।
इस चरण में भारत के सामने कौन-कौन सी टीमें होंगी, यह ग्रुप स्टेज के परिणामों के आधार पर तय होगा। सुपर-7 में प्रदर्शन के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
17 और 18 नवंबर को सेमीफाइनल
2027 वनडे वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल 17 नवंबर 2027 और दूसरा सेमीफाइनल 18 नवंबर 2027 को खेला जाएगा। इसके बाद दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें खिताबी मुकाबले में उतरेंगी।
21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में फाइनल
वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला 21 नवंबर 2027 को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका के साथ जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। ऐसे में टीम इंडिया के लिए ग्रुप स्टेज से लेकर नॉकआउट तक का सफर कई अलग-अलग मैदानों पर होगा।