तबाही का दूसरा नाम वैभव सूर्यवंशी, 15 साल की उम्र में तोड़ चुके हैं कई बड़े रिकॉर्ड्स
नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी एक के बाद एक रिकॉर्ड को ध्वस्त करते जा रहे हैं। श्रीलंका ए के खिलाफ वैभव ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगाते हुए लिस्ट ए क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। आइए आपको बताते हैं वैभव भारत की नेशनल टीम की ओर से डेब्यू करने से पहले ही किन-किन रिकॉर्ड्स को अपने नाम कर चुके हैं।
सबसे तेज अर्धशतक: भारत ए की ओर से खेलते हुए श्रीलंका ए के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लिस्ट ए क्रिकेट में वैभव अब सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वैभव ने श्रीलंका के बल्लेबाज कौशल्या वीररत्ने का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
सबसे युवा शतक लगाने वाले बल्लेबाज:वैभव सूर्यवंशी लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज हैं। उन्होंने 14 साल 272 दिन की उम्र में शतक लगाते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने बिहार की तरफ से खेलते हुए विजय हजारे ट्रॉफी में यह कारनामा किया था। वैभव ने इस मुकाबले में 190 रनों की दमदार पारी खेली थी।
सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड: वैभव सूर्यवंशी विश्व क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था। वैभव ने अपने 150 रन सिर्फ 59 गेंदों में पूरे किए थे।
तीसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड: 15 वर्षीय बल्लेबाज के नाम लिस्ट ए क्रिकेट में भारत की ओर से तीसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। वैभव ने विजय हजारे टूर्नामेंट में बिहार की तरफ से खेलते हुए सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया है। लिस्ट ए क्रिकेट में वैभव से तेज शतक ईशान किशन (33 गेंद) और अनमोलप्रीत (35 गेंद) ने लगाया है।
यूथ टेस्ट में सबसे तेज शतक: 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के नाम यूथ टेस्ट में भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने भारत की अंडर 19 टीम की तरफ से खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के खिलाफ सिर्फ 58 गेंदों में शतक लगाया था। यह अंडर 19 क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी है।
रणजी में डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी: वैभव सूर्यवंशी रणजी ट्रॉफी के इतिहास में डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अपना डेब्यू 12 साल 284 दिन की उम्र में किया था।
टी20 में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज: वैभव सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक लगाया था। वैभव ने 38 गेंदों में 101 रनों की दमदार पारी खेली थी। आईपीएल 2026 में वैभव ने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ा। उन्होंने एक सीजन में 72 छक्के लगाए।
--आईएएनएस
एसएम/एएस